कोलकाता: पश्चिम बंगाल में लाखों लोगों ने शनिवार को महालय के मौके पर ‘तर्पण’ किया। महालय, बंगाल में दुर्गा पूजा के नजदीक आने का प्रतीक होता है। इस विशेष दिन लोग हुगली और राज्य की अन्य नदियों एवं जलाशयों के तटों पर पहुंचे और अपने पूर्वजों के लिए तर्पण किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महालय के शुभ अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘महालय के इस पावन दिन पर, हम कामना करते हैं कि मां दुर्गा सभी के जीवन को शक्ति, ज्ञान और समृद्धि का आशीर्वाद दें। यह विशेष अवसर साहस, सद्भाव और समृद्धि का प्रतीक हो। शुभो महालय।” दिन की शुरुआत आकाशवाणी पर सुबह में महिषासुर मर्दिनी (देवी दुर्गा को समर्पित श्लोकों और गीतों के संग्रह) के प्रसारण से हुई।
#WATCH | West Bengal: Devotees take a holy dip & offer prayers at Gangasagar in South 24 Parganas, on the last day of ‘Pitru Paksha’ pic.twitter.com/SzSo56YHgv
— ANI (@ANI) October 14, 2023
महिषासुर मर्दिनी का पहली बार सीधा प्रसारण 1930 के दशक की शुरुआत में आकाशवाणी पर किया गया था। तब से इसका प्रसारण महालय की सुबह करने का चलन बन गया है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने हुगली के विभिन्न घाटों पर कड़ी निगरानी रखी। अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता के जिन 18 घाटों पर श्रद्धालु तर्पण कर रहे हैं, वहां सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए गए हैं। महालय के मौके पर कांग्रेस ने भी शुभकामनाएं दी।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मां दुर्गा आप सभी को शांति और समृद्धि का आशार्वाद दें और हमारे जीवन में प्रेम और सद्भाव आए।” राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आज सुबह पूर्वी मेदिनीपुर जिले स्थित अपने गृहनगर कांथी में एक शोभायात्रा का नेतृत्व किया। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “महालय के शुभ अवसर पर मैं सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। यह दिन आशा, शक्ति और सद्भाव लेकर आए।
ऐसे में जब हम दुर्गा पूजा की तैयारी कर रहे हैं, हम सभी को एकता और उत्सव की भावना के साथ एकसाथ आना चाहिए।” पितृपक्ष के अंतिम दिन, परिवार के बुजुर्गों ने तर्पण करके अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि दी। दुर्गा पूजा की शुरुआत 20 अक्टूबर यानी षष्ठी से होगी और इसका समापन 24 अक्टूबर यानी दशमी को होगा।