Russian Oil Tanker Seized: यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों की कार्रवाई अब समुद्र में भी तेज कर दी गई है। ब्रिटेन की सेना ने पहली बार इंग्लिश चैनल में रूस की शैडो फ्लीट(गुप्त बेड़े) से जुड़े एक तेल टैंकर पर छह घंटे तक ऑपरेशन चलाकर उसे जब्त कर लिया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया X पर पोस्ट करके दी।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने X पर लिखा कि आज सुबह मैंने हमारी सेना को 'शैडो फ्लीट' के एक ऑयल टैंकर को रोकने का निर्देश दिया। यह ऑयल टैंकर इंग्लिश चैनल से गुज़रने की कोशिश कर रहा था। इस सफल ऑपरेशन से रूस को एक और झटका लगा है। उन्होंने आगे लिखा कि जो लोग यूक्रेन में पुतिन की जंग को बढ़ावा दे रहे हैं, उन्हें हम छिपने नहीं देंगे। पीएम कीर स्टार्मर ने इस ऑपरेशन में शामिल ब्रिटिश कमांडो और उनकी टीम को शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा कि हमारी सेना साल के 365 दिन, 24 घंटे इस देश को सुरक्षित रखते हैं उनका धन्यवाद।
बता दें कि ब्रिटेन से पहले फ्रांस ने भी रूस के शैडो फ्लीट से जुड़े कई ऑयल टैंकर को जब्त किया है। जो अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की अनदेखी करके रूसी तेल ले जाते हैं।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक जब्त किया गया टैंकर कैमरून के झंडे वाला 'स्मर्टोस' है जिसे पिछले साल यूके ने रूसी तेल ले जाने के कारण प्रतिबंध लगाया था। रूसी शैडो फ्लीड पर कब्जा करने के ऑपरेशन में ब्रिटिश कमांडो और यूके की नेशनल क्राइम एजेंसी शामिल थी।
कीर स्टार्मर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें यूके के कमांडो हेलीकॉप्टर से जहाज पर उतरते हुए और अंदर जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए पीएम ने लिखा कि पुतिन की तमाम कोशिशों के बावजूद वे प्रतिबंधों से बचकर निकल नही पाए।
बता दें कि प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने मार्च में ब्रिटिश सेना को रूसी जहाजों को रोकने की अनुमति दी थी। पश्चिमी सरकारों ने आरोप लगाया है कि 'शैडो फ्लीट' जहाज कड़े पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद मॉस्को को अवैध रूप से तेल निर्यात करने में मदद करता है।