

Oman Boat Accident News: ओमान के रास अल हद्द तट के पास समुद्र में एक बड़ा हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि, 14 भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही एक पारंपरिक धौ (नौका) अचानक संकट में फंसकर डूब गई। घटना की सूचना मिलते ही अमेरिकी नौसेना, भारतीय नौसेना और अन्य समुद्री एजेंसियों ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 जून की सुबह रास अल हद्द तट से लगभग 80 समुद्री मील पूर्व में हुई। समुद्र में संकटग्रस्त नौका की सूचना मिलते ही अमेरिकी नौसेना का पी-8 समुद्री निगरानी विमान मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान ने तुरंत समुद्र में एक लाइफ राफ्ट गिराई, जिससे नौका पर सवार लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल सका।
अमेरिकी नौसेना ने अपनी निगरानी के दौरान पुष्टि की कि, नाव पर मौजूद सभी लोग लाइफ राफ्ट में स्थानांतरित हो गए हैं। इसके बाद आसपास मौजूद जहाजों से भी सहायता मांगी गई। सेंट किट्स एंड नेविस ध्वज वाले व्यापारी जहाज ‘एमवी जबल अली 9’ को अपना मार्ग बदलकर राहत अभियान में शामिल किया गया। यह जहाज उस समय सोहर से मुंबई की ओर जा रहा था।
घटना की जानकारी भारतीय नौसेना और संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है। सभी एजेंसियां मिलकर बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी 14 भारतीयों के सुरक्षित होने की उम्मीद है, हालांकि अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
बता दें कि, पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। बीते कुछ दिनों में तीन ऐसे जहाजों पर हमला किया गया है, जिन पर भारतीय सवार थे। इस बीच कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ऐसे ही एक और जहाज पर हमले में चार भारतीयों की मौत हुई है। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने इन खबरों का खंडन किया है।