UAE Air Defence System Shoot Down Iranian Drones: ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान की ओर से लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों के बीच यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया। रविवार को यूएई ने 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और 113 अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) को इंटरसेप्ट कर मार गिराया। UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एयर डिफेंस सिस्टम ने कुल 17 बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया था। इनमें से 16 मिसाइलों को सफलतापूर्वक हवा में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि एक मिसाइल समुद्र में जाकर गिर गई। इसी दौरान 117 ड्रोन भी रडार पर दिखाई दिए। इनमें से 113 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया, जबकि 4 ड्रोन देश के कुछ हिस्सों में गिर गए।
रक्षा मंत्रालय की ओर से एक 40 सेकंड का ब्लैक-एंड-व्हाइट वीडियो भी जारी किया गया है। इस वीडियो में यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम को ईरानी UAV को ट्रैक करते और उन्हें हवा में ही नष्ट करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में यह भी दिखाया गया कि किस तरह डिफेंस सिस्टम ने तेजी से प्रतिक्रिया देते हुए ड्रोन हमलों को विफल कर दिया।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि अब तक ईरान की ओर से कुल 238 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी जा चुकी हैं। इनमें से 221 मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया। वहीं 15 मिसाइलें समुद्र में गिर गईं, जबकि 2 मिसाइलें देश के भीतर आकर गिरीं। इसके अलावा कुल 1,422 ईरानी ड्रोन का पता लगाया गया, जिनमें से 1,342 को इंटरसेप्ट कर मार गिराया गया, जबकि 80 ड्रोन देश के विभिन्न इलाकों में गिर गए। इन घटनाओं के बाद UAE के अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने कहा है कि बिना अनुमति के घटनास्थलों, प्रतिबंधित क्षेत्रों या एयरपोर्ट परिसर के अंदर तस्वीरें लेने या वीडियो बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: हद हो गई पार… ईरानी हमलों से खौला सऊदी अरब का खून, दी खुली धमकी, बोले- हमले हुए तो ईरान को होगा बड़ा नुकसान
वहीं अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने भी यूएई में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने नागरिकों से कहा है कि किसी भी चेतावनी अलर्ट के दौरान तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और जब तक आधिकारिक रूप से खतरा खत्म होने की सूचना न मिले, तब तक वहीं रहें। साथ ही लोगों को यह भी सलाह दी गई है कि वे फोटो या वीडियो बनाने के लिए बाहर न निकलें और यदि आसपास कोई संदिग्ध वस्तु या मलबा दिखाई दे तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।