Donald Trump on Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध फरवरी 2022 से जारी है, और इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अब तक आठ युद्ध समाप्त किए हैं और रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर उन्हें उम्मीद थी कि इसे हल करना आसान होगा, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत रही। उन्होंने बताया कि रूस उनके प्रस्ताव से संतुष्ट है, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की इसे स्वीकार करेंगे या नहीं। ट्रंप के मुताबिक, उनके प्रस्ताव पर यूक्रेनी अधिकारियों का समर्थन है, लेकिन जेलेंस्की इसे अभी तक गंभीरता से नहीं देख पाए हैं। उन्होंने कहा कि वे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी नेताओं के साथ बातकर रहे हैं, ताकि युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाया जा सके। उन्होंने यह भी जताया कि यूक्रेन के अधिकारी अभी तैयार नहीं हैं, जबकि रूस इसे सकारात्मक रूप से देख रहा है।
ट्रंप ने अपने प्रशासन की टैरिफ नीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने वाशिंगटन डीसी में कैनेडी सेंटर ऑनर्स में कहा कि वर्तमान टैरिफ व्यवस्था अमेरिका को असाधारण लचीलापन प्रदान करती है और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, अब तक समाप्त किए गए आठ युद्धों में प्रमुख भूमिका व्यापार और टैरिफ नीतियों की रही है। ट्रंप ने यह भी कहा कि यदि अन्य टैरिफ उपाय अपनाए जाते हैं, तो इससे राष्ट्रीय सुरक्षा पर उतना लाभ नहीं होगा।
यह बयान सुप्रीम कोर्ट के उस महत्वपूर्ण फैसले से पहले आया है, जिसमें यह सवाल उठाया गया था कि क्या राष्ट्रपति के पास व्यापक शुल्क लगाने का अधिकार है और क्या ट्रंप ने इसे सही तरीके से इस्तेमाल किया। उनके विचार में टैरिफ नीतियां सिर्फ आर्थिक लाभ ही नहीं देतीं, बल्कि अमेरिका की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मामलों में रणनीतिक स्थिति मजबूत करती हैं। ट्रंप की यह टिप्पणी उनके विदेश नीति और आर्थिक दृष्टिकोण दोनों को दर्शाती है।
यह भी पढ़ें: जयशंकर के बयान से भड़की मुनीर की फौज…PAK को लगी मिर्ची, भड़काऊ, बेबुनियाद भाषण का लगाया आरोप
डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए एक शांति योजना का प्रस्ताव रखा था, जिसमें रूस को यूक्रेन के कुछ हिस्सों पर नियंत्रण रखने की अनुमति देने के साथ-साथ यूक्रेन को अपनी संप्रभुता और सीमाएं बनाए रखने का अधिकार दिया जाता। ट्रंप का मानना था कि दोनों पक्षों को समझौते के तहत कोई कड़ा सैन्य दबाव न बनाया जाए।