डोनाल्ड ट्रंप, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

अमेरिका की दिग्गज 'स्पिरिट एयरलाइंस' डूबी: शनिवार से सभी उड़ानें बंद, ट्रंप प्रशासन के साथ डील हुई फेल

Spirit Airlines Shutdown: अमेरिका की 'स्पिरिट एयरलाइंस' ने भारी कर्ज और तेल की बढ़ती कीमतों के चलते अपना संचालन बंद कर दिया है। कंपनी ने अपनी सभी उड़ानें रद्द कर यात्रियों को घर पर रहने की सलाह दी है।

अमन उपाध्याय

Spirit Airlines Shutdown Latest Updates: अमेरिकी विमानन उद्योग से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमेरिका की सबसे मशहूर बजट एयरलाइन 'स्पिरिट एयरलाइंस' ने शनिवार तड़के अपने सभी ऑपरेशन्स पूरी तरह से बंद करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। कंपनी ने साफ शब्द में कहा कि वह अब अपने कारोबार को पूरी तरह समेटने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। यह फैसला उन लाखों यात्रियों के लिए एक बड़ा झटका है जो सस्ती हवाई यात्रा के लिए इस एयरलाइन पर निर्भर थे।

क्यों बंद हुई 'स्पिरिट एयरलाइंस'?

इस एयरलाइन के अचानक जमीन पर आने के पीछे कई गंभीर कारण बताए जा रहे हैं। कंपनी पिछले काफी समय से भारी वित्तीय संकट और कर्ज के बोझ से जूझ रही थी। एयरलाइन के बंद होने के मुख्य कारणों में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी शामिल है जिसने कंपनी के मुनाफे को पूरी तरह खत्म कर दिया और घाटे को बड़े स्तर तक पहुंचा दिया। इसके अलावा, कंपनी का 'अल्ट्रा-लो-कॉस्ट' मॉडल भी बदलती बाजार मांग के सामने पिछड़ने लगा था क्योंकि यात्री अब सिर्फ कम कीमत के अलावा बेहतर सुविधाओं की भी डिमांड कर रहे थे।

ट्रंप प्रशासन के साथ फंसा पेच

इस संकट के समाधान के लिए एयरलाइन प्रशासन अमेरिकी सरकार और अपने कर्जदाताओं के साथ लगातार बातचीत कर रहा था लेकिन यह कोशिश नाकाम रही। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने एयरलाइन को बचाने के लिए 500 मिलियन डॉलर (करीब 4200 करोड़ रुपये) के लोन का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, इस प्रस्ताव के साथ एक कड़ी शर्त यह थी कि सरकार एयरलाइन में बड़ी हिस्सेदारी लेगी। इस डील पर कड़ा रुख अपनाते हुए ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि हम एक सख्त डील कर रहे हैं। या तो यह होगा या नहीं होगा। ऐसा लगता है कि दूसरे कर्जदाता इसमें अड़ंगा डाल रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि उनकी प्राथमिकता कम हो जाएगी। लेकिन हम सबसे पहले आते हैं। कर्जदाताओं के साथ सहमति न बन पाने के कारण यह बातचीत बेनतीजा रही और कंपनी के पास काम बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।

यात्रियों के लिए सख्त चेतावनी

एयरलाइन ने शनिवार सुबह जारी अपने बयान में यात्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे एयरपोर्ट न पहुंचें क्योंकि वहां अब कोई स्टाफ मदद के लिए मौजूद नहीं होगा। कंपनी ने अपनी बुकिंग वेबसाइट को भी हटा दिया है और यात्रियों को ऑनलाइन माध्यम से रिफंड के लिए आवेदन करने को कहा है। जिन यात्रियों ने कार्ड के जरिए पेमेंट किया था। उनके रिफंड की प्रक्रिया ऑटोमैटिक शुरू करने की बात कही गई है। हालांकि, वेंडरों और उन लोगों के लिए जिनका बड़ा बकाया है अब केवल कोर्ट की कार्यवाही ही एकमात्र रास्ता बची है।

34 साल के सुनहरे सफर का अंत

स्पिरिट एयरलाइंस का बंद होना अमेरिकी एविएशन सेक्टर के लिए एक युग का अंत माना जा रहा है। पिछले 34 वर्षों से इस एयरलाइन ने 'नो-फ्रिल्स' मॉडल के जरिए मध्यम वर्ग के लिए हवाई सफर को आसान बनाकर रखा था।

कंपनी ने अपने विदाई संदेश में भावुक होते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके मॉडल ने इंडस्ट्री पर गहरा प्रभाव डाला लेकिन अब आगे सेवा देना संभव नहीं है। इस बंद के कारण अब हजारों कर्मचारियों की नौकरियों पर संकट मंडरा रहा है और विशेषज्ञों का मानना है कि इससे अमेरिका में हवाई टिकटों के दाम में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।

क्यों की गई थी रेलवे सुरक्षा बल की स्थापना, IB को करनी पड़ी थी सिफारिश, जानिए पूरा इतिहास

गूंज नहीं, सीधा धमाका, DUSU में ABVP की जीत से गदगद हुई BJP, कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता देश के लिए खतरा, हामिद अंसारी के बयान बवाल, BJP ने किया पलटवार

सहारनपुर से चुनावी आगाज की परंपरा जारी रखेगी BJP? राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे से सियासी हलचल तेज

दिल्ली में वोटर लिस्ट से कटेगा केजरीवाल का नाम, चुनाव आयोग ने भेजा SIR का नोटिस, पूर्व CM से मांगे कागज