Shashi Tharoor on Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और PTI संस्थापक इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उनके परिवार ने कहा है कि उन्हें इमरान से मिलने नहीं दिया जा रहा है और उनके जिंदा होने का सबूत भी नहीं दिया गया है। इस मामले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा बढ़ा दी है। अब कांग्रेस नेता शशि थरूर ने पाकिस्तान सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) संस्थापक इमरान खान इस समय जेल में बंद हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर लगातार अटकलें बढ़ रही हैं। उनका परिवार दावा कर रहा है कि उन्हें लंबे समय से इमरान से मिलने नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनकी हालत पर सवाल उठ रहे हैं। परिवार ने यहां तक कहा कि उनके जिंदा होने का कोई सबूत नहीं दिया गया है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शनिवार को इस मामले में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी दूसरे देश के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं, लेकिन पाकिस्तान सरकार की चुप्पी ने चिंता बढ़ा दी है। थरूर ने कहा, “कई लोग दावा कर रहे हैं कि स्थिति गंभीर है लेकिन सरकार ने कोई जानकारी नहीं दी। यह चुप्पी खराब संकेत है।”
थरूर ने आगे कहा कि यह सिर्फ राजनीति का मामला नहीं, एक इंसान की जिंदगी का सवाल है। उन्होंने कहा कि इमरान खान विश्वभर में लाखों लोगों के प्रेरणा स्रोत रहे हैं, एक क्रिकेटर, नेता और सार्वजनिक व्यक्तित्व के रूप में लोग उन्हें प्रेम करते हैं। उन्होंने कहा, “किसी को जेल में डालकर गायब नहीं किया जा सकता। अगर कुछ गलत नहीं है तो सरकार को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।”
इमरान खान के परिवार का कहना है कि अगर सब कुछ सामान्य है, तो मुलाकात क्यों रोक दी गई? परिवार ने कहा कि वे केवल अपने पिता के सुरक्षित होने का सबूत चाहते हैं। वहीं पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार का दावा है कि इमरान को जेल में फाइव स्टार सुविधाएं दी जा रही हैं। लेकिन इन दावों पर लोग सवाल उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: इमरान खान जिंदा हैं, PTI सीनेटर ने खोला शाहबाज-मुनीर का सारा पोल; बताया आखिर क्या थी चाल?
बढ़ती चर्चाओं और अफवाहों के बीच लोग सोशल मीडिया पर भी सरकार से पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें पाकिस्तान सरकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।