इमरान खान जिंदा हैं, PTI सीनेटर ने खोला शाहबाज-मुनीर का सारा पोल; बताया आखिर क्या थी चाल?

Imran Khan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में हालत को लेकर गंभीर चिंताएं उभर रही हैं। PTI का दावा है कि खान को हाई-इंटेंसिटी कॉन्फाइनमेंट में रखा गया है और परिवार व वकीलों से..
Imran Khan is alive! PTI senator reveals Shahbaz Munir's entire plot, revealing what the plot was.
इमरान खान, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Imran Khan Health Update: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की सेहत और सुरक्षा को लेकर नई बहस छिड़ गई है। पार्टी सूत्रों ने दावा किया है कि रावलपिंडी की अदियाला जेल में इमरान खान को बेहद खराब परिस्थितियों में रखा गया है, जहां उन्हें पूरी तरह अलग-थलग कर दिया गया है।

PTI के अनुसार, खान को कई बार प्रताड़ित किया गया और उन्हें ऐसी परिस्थितियों में रखा गया है, जिससे उनकी मानसिक और शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

एक महीने से आईसोलेशन में

PTI के सीनेटर खुर्रम जीशान ने कहा है कि इमरान खान ‘जिंदा और सुरक्षित’ हैं, लेकिन पिछले एक महीने से पूरी तरह आईसोलेशन में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहबाज शरीफ सरकार और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की टीम खान पर दबाव बना रही है कि वे राजनीति छोड़कर देश से बाहर चले जाएं। जीशान के अनुसार, यह मानवाधिकारों का सबसे बड़ा उल्लंघन है। उन्हें परिवार, वकीलों और पार्टी नेताओं से मिलने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने दावा किया कि सरकार इस तरह दबाव बनाना चाहती है कि खान समझौता कर लें, लेकिन इमरान खान ऐसा कभी नहीं करेंगे।

अजीब और संदिग्ध रवैया

खान की बहन अलीमा खानम ने एक मीडिया चैनल से कहा कि सरकार का रवैया “अजीब और संदिग्ध” है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार परिवार को मिलने क्यों नहीं दे रही। उनके मुताबिक, अगर हमें मुलाकात की इजाजत मिल जाए तो सारी अटकलें खत्म हो जाएंगी। अलीमा का कहना है कि वह नहीं मानतीं कि राज्य तंत्र इमरान खान को शारीरिक नुकसान पहुंचाएगा, लेकिन मुलाकात रोकने का यह तरीका जनता में गुस्सा बढ़ा रहा है।

सेहत में लगातार गिरावट

इस बीच, PTI के अन्य सूत्रों का दावा है कि खान की सेहत में लगातार गिरावट देखी जा रही है। खराब जेल परिस्थितियों, कठोर बंदी और बातचीत पर रोक ने उनकी स्थिति को और खराब कर दिया है। पहले KP के मुख्यमंत्री उनसे मिल पाते थे, लेकिन अब उन मुलाकातों पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पार्टी का आरोप है कि सरकार की ओर से जो भी स्वास्थ्य अपडेट जारी किए जा रहे थे, वे वास्तविक स्थिति को छिपाने के लिए थे।

किसी भी समय भड़क सकता है जनता का गुस्सा

खान के परिवार का दावा है कि स्थिति अब विस्फोटक हो सकती है। अलीमा खानम का कहना है कि जनता का गुस्सा किसी भी समय सड़कों पर फूट सकता है। उनके मुताबिक, अगर खान की बहनें खुलकर स्थिति बताना शुरू करें तो पूरे पाकिस्तान में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो सकते हैं।

परिवार अब कोर्ट में याचिका दायर कर रहा है कि इमरान खान को तुरंत अदालत में पेश किया जाए, ताकि उनकी वास्तविक हालत और जेल की परिस्थितियों का पता चल सके। PTI का कहना है कि इमरान खान की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए तत्काल हस्तक्षेप जरूरी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com