रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

28 साल बाद CPT से बाहर हुआ रूस, अब जेलों और हिरासत केंद्रों की निगरानी नहीं कर सकेगी यूरोपीय कन्वेंशन

Russia Exit CPT: रूस ने यूरोप काउंसिल के टॉर्चर और अमानवीय व्यवहार की रोकथाम वाले कन्वेंशन से अपना नाम वापस ले लिया है, जिससे रूसी जेलों और हिरासत केंद्रों की यूरोपीय निगरानी समाप्त हो गई है।

अक्षय साहू

Highlights:

  • रूस का कन्वेंशन से बाहर निकलने का फैसला 1 नवंबर से प्रभावी हो गया

  • CPT अब रूस की जेलों, पुलिस स्टेशनों और हिरासत केंद्रों का निरीक्षण नहीं कर सकेगी

  • कमेटी ने 1998 से 2021 के बीच रूस में 450 से अधिक हिरासत केंद्रों का निरीक्षण किया

Russia Leaves Anti-Torture Convention: रूस ने यूरोप काउंसिल के टॉर्चर और अमानवीय या अपमानजनक व्यवहार या सजा की रोकथाम के कन्वेंशन से औपचारिक रूप से अपना नाम वापस ले लिया है। जिससे रूस की जेलों, पुलिस स्टेशनों और हिरासत की दूसरी जगहों पर स्वतंत्र रूप से निगरानी करने का यूरोपीय निकाय का अधिकार खत्म हो गया है। 

रूस का यह फैसला 1 नवंबर से प्रभावी हो गया। इससे एक साल पहले, 30 अक्टूबर 2025 को मॉस्को ने यूरोप काउंसिल को कन्वेंशन से बाहर निकलने के अपने निर्णय की जानकारी दी थी। रूस वर्ष 1998 से इस समझौते का हिस्सा था।

यूक्रेन पर हमले के बाद रूस पर लगे थे टॉर्चर के आरोप

यूरोपियन कमेटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ टॉर्चर (CPT) के अध्यक्ष एलन मिशेल ने बताया कि, रूस के अलग होने के साथ ही देश में कमेटी की निगरानी की शक्तियां खत्म हो गई हैं। उन्होंने कहा कि अब रूस में उन सभी स्थानों का स्वतंत्र निरीक्षण भी नहीं हो सकेगा, जहां लोगों को उनकी इच्छा के विरुद्ध रखा जाता है।

रूसी अधिकारियों ने जांच में नहीं किया सहयोग

कमेटी के मुताबिक, फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के बड़े पैमाने पर हमले के बाद से उसे रूसी अधिकारियों पर टॉर्चर और दुर्व्यवहार के कई आरोपों की जानकारी मिली थी। ये आरोप यूक्रेन के कब्जे वाले क्षेत्रों के साथ-साथ रूस के भीतर स्थित हिरासत केंद्रों से भी जुड़े थे।

हालांकि, CPT ने बताया कि रूसी अधिकारियों के असहयोग के कारण वह इन आरोपों की जांच के लिए रूस का दौरा नहीं कर पाई। इसके विपरीत, यूक्रेन कमेटी को अपने क्षेत्र में किसी भी हिरासत केंद्र का निरीक्षण करने की अनुमति देता है। 

रूस ने निरीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने दीं

CPT की सदस्यता के दौरान रूस में कमेटी ने 1998 से 2021 के बीच कुल 30 दौरे किए। इस दौरान 450 से अधिक हिरासत केंद्रों का निरीक्षण किया गया। हालांकि, रूस कन्वेंशन का ऐसा एकमात्र सदस्य था, जिसने कमेटी के निरीक्षणों से जुड़ी रिपोर्ट और उन पर सरकार के जवाबों को सार्वजनिक करने की अनुमति देने से इनकार करने की नीति अपनाई थी।

रूस ने अब तक केवल चार रिपोर्ट को ही सार्वजनिक करने की मंजूरी दी। बाकी अप्रकाशित रिपोर्टों में नियमित और विशेष निरीक्षणों के दौरान जुटाई गई जानकारियां शामिल हैं। इनमें 2000 से 2017 के बीच चेचन्या और उत्तरी काकेशस में किए गए 10 निरीक्षण भी शामिल हैं। 

क्या काम करती है CPT?

CPT के निरीक्षण के दायरे में जेल, पुलिस स्टेशन, आव्रजन हिरासत केंद्र, किशोर हिरासत केंद्र, मनोरोग अस्पताल और सामाजिक देखभाल गृह आते हैं। कमेटी के प्रतिनिधिमंडल को इन स्थानों पर बिना किसी रोक-टोक के पहुंचने, हिरासत में रखे गए लोगों से अलग-अलग बातचीत करने और संबंधित जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति का साक्षात्कार लेने का अधिकार होता है।

दिवाली-छठ पर रेलवे का तोहफा, मुंबई-पुणे-नागपुर समेत कई शहरों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

IndiGo से भरिए विदेश की उड़ान; 2028 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी, CEO विली का बड़ा ऐलान

शरद पवार पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत के बाद डॉक्टरों की निगरानी में

PM मोदी ने की पुणे मेट्रो की पिंक लाइन की तारीफ, जानें रूट, लागत और इसकी 3 बड़ी खूबियां

Explainer: न अनाथालय, न वृद्धाश्रम... नीता अंबानी का 100 एकड़ में बनेगा अनंत आश्रय, जानें क्या है खास?