

डेमोक्रेट्स के कांग्रेस पर नियंत्रण करने पर ट्रंप ने वीटो की बात कही
ट्रंप ने कहा कि वह डेमोक्रेट्स के भेजे विधेयकों को अस्वीकार करेंगे
इंटरव्यू में ट्रंप ने तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की इच्छा जताई
Donald Trump Veto Power: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए 3 नवंबर, मंगलवार को वोटिंग होने जा रही है। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलासा किया है कि अगर उनके विरोधी डेमोक्रेट्स चुनाव जीतकर कांग्रेस पर नियंत्रण कर लेती है, तो उनका अगला कदम क्या होगा। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर वह बिल पास करने से रोकने के लिए अपनी वीटो पावर का उपयोग करेंगे।
ट्रंप ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर रिपब्लिकन कांग्रेस के किसी एक या दोनों हाउस में अपना बहुमत खो देते हैं, तो वे ‘मिस्टर वीटो’ बन सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मिडिल-ईस्ट में लगातार जारी संघर्ष और देश में बढ़ती डीजल की कीमतों को लेकर जनता परेशान चल रही है। इसके चलते मध्यवर्ती चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की जीत को मुश्किल माना जा रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में एक मीडिया इंटरव्यू में मध्यवर्ती चुनाव को लेकर खुलकर बात की। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि डेमोक्रेट-कंट्रोल्ड कांग्रेस से वे कैसे निपटेंगे? इस पर ट्रंप ने जवाब देते हुए कहा कि अगर ऐसा होता है, तो मैं मिस्टर वीटो बन जाऊंगा। मैं उन्हें किसी भी तरह इसे बर्बाद नहीं करने दूंगा।
ट्रंप ने कहा कि वे डेमोक्रेट्स द्वारा भेजे गए बिलों को खारिज कर देंगे। इसके बाद उन्हें बातचीत की टेबल पर लाने के लिए वह वीटो पावर का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, वे चीजें भेजेंगे। हम उस पर वीटो लगाएंगे। और आखिर में जब एक-दो महीने बर्बाद हो जाएगा। तब वे आएंगे और हम तब उनसे डील करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं होगा जब रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स को कानून पास कराने के लिए किसी समझौते पर पहुंचना होगा। यह पहली बार नहीं होगा। इससे पहले भी ऐसी चीजें हो चुकी हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रिपब्लिकन कांग्रेस पर कंट्रोल बनाए रखेंगे ताकि उन्हें यह तरीका न अपनाना पड़े। उन्होंने कहा, अगर हम नहीं जीते, तो मुझे लगता है कि हम बहुत अच्छा करेंगे, लेकिन अगर हम नहीं जीते, तो मैं हर चीज पर वीटो कर दूंगा। मैं वीटो करता रहूंगा, वीटो करता रहूंगा। ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में अब तक केवल दो बार अपनी वीटो पावर का उपयोग किया है। राष्ट्रपति के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने 10 बिलों पर वीटो किया था।
राष्ट्रपति का वीटो अमेरिकी राष्ट्रपति को कांग्रेस द्वारा पास किए गए बिल को अस्वीकार करने की अनुमति देता है। अगर हाउस और सीनेट दोनों में दो-तिहाई सदस्य कानून के पक्ष में वोट करते हैं तो कांग्रेस अभी भी वीटो को निष्प्रभावी कर सकते है।
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, अगर मुझे मौका मिला तो मैं फिर से चुनाव लड़ना पसंद करूंगा, लेकिन भाषा बहुत सख्त है। वह अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन का जिक्र कर रहे थे, जो किसी को भी दो बार से अधिक राष्ट्रपति चुने जाने से रोकता है।
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव मंगलवार, 3 नवंबर को होंगे। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों और 100 सीनेट सीटों में से 35 पर चुनाव होने हैं। डेमोक्रेट्स हाउस पर फिर से कंट्रोल हासिल करना चाहते हैं, जहां अभी रिपब्लिकन के पास थोड़ा सा बहुमत है। उन्हें चैंबर पर नियंत्रण पाने के लिए तीन सीटें हासिल करने की जरूरत है।