Terrorist Attack in Paris Metro Station: फ्रांस की राजधानी पेरिस में शनिवार को एक गंभीर घटना हुई, जिससे लोगों में डर और अफरा-तफरी फैल गई। यह घटना पेरिस के रिपब्लिक मेट्रो स्टेशन पर हुई, जहां मेट्रो के अंदर एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक महिलाओं पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्थानिय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर बिना किसी चेतावनी के मेट्रो के एक कोच में घुसा और चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। उस समय मेट्रो में कई यात्री मौजूद थे। अचानक हुए इस हमले से स्टेशन पर चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया।
घायल हुई तीनों महिलाएं हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर है, लेकिन इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने हमलावर को वहीं से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सुरक्षा के लिए मेट्रो स्टेशन को कुछ समय के लिए खाली करा लिया गया और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
फिलहाल पुलिस हमलावर से पूछताछ कर रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हमला किसी आतंकी साजिश का हिस्सा था या फिर किसी व्यक्तिगत कारण से किया गया। जांच के लिए पुलिस स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है, ताकि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी मिल सके।
पेरिस पुलिस ने कहा है कि अब हालात नियंत्रण में हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मेट्रो सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य की जा रही हैं। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग चाहते हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए और कड़े सुरक्षा कदम उठाए जाएं।
यह भी पढ़ें: PAK में रिकॉर्ड स्तर पर ‘ब्रेन ड्रेन’, हजारों डॉक्टर-इंजीनियर देश छोड़कर भागे, मुनीर की खुली पोल
हालांकि पेरिस में चाकूबाजी की यह घटना नई नहीं है। पिछले महीने 14 नवंबर को मोंटपारनास स्टेशन पर एक 34 वर्षीय व्यक्ति ने चाकू के साथ हंगामा किया। जिसे पुलिस ने गोली मार दी और आरोपी ने खुद को भी चाकू से घायल किया।