

Tamilnadu Vetri Payanam Scheme 2026: तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात दी है। राज्य में आज यानी 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन से ‘विक्ट्री जर्नी स्कीम’ शुरू कर दी गई है। इस योजना को तमिल में ‘वेत्री पयानम’ कहा जाता है। सरकार का कहना है कि इस योजना से राज्य की करोड़ों महिलाओं और बेटियों को सीधा फायदा मिलेगा। अब उन्हें रोज के आने-जाने के लिए बस का किराया नहीं देना पड़ेगा।
इस योजना का ऐलान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने किया है। उन्होंने मार्च में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान महिलाओं के लिए कई बड़े वादे किए थे। फ्री बस यात्रा उन्हीं वादों में से एक थी। गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय ने X पर पोस्ट करके जानकारी दी। पोस्ट में लिखा था, "तमिलनाडु की सम्मानित महिलाओं - हमारी दादी, मां, बहन, छोटी बहन, बच्चियों और विवाहित महिलाओं के लिए 2 अक्टूबर से फ्री विक्ट्री जर्नी स्कीम शुरू हो रही है।"
टीवीके सरकार बनने के बाद यह महिलाओं के लिए सबसे बड़ी योजना मानी जा रही है। ऐसा करके मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपना एक और वादा पूरा किया है।
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें उम्र की कोई सीमा नहीं रखी गई है। राज्य की सभी आयु वर्ग की महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। छोटी बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक सब फ्री में सफर कर सकेंगी।
इतना ही नहीं, ट्रांसजेंडर लोगों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। सरकार ने साफ किया है कि किसी भी तरह की आय सीमा नहीं रखी गई है। यानी अमीर हो या गरीब, सभी महिलाएं इस सुविधा का फायदा उठा सकती हैं। इस पहल से रोजाना करीब 84.32 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
महिलाएं राज्य की सभी सरकारी बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी। सरकार ने कुल 12,692 सरकारी बसों को इस योजना के दायरे में लाया है। इनमें एक्सप्रेस बस, LSS (लिमिटेड स्टॉप सर्विस), डीलक्स और मोफस्सिल बसें शामिल हैं। यानी चाहे शहर के अंदर जाना हो या एक जिले से दूसरे जिले में, महिलाओं को टिकट नहीं लेना पड़ेगा। सरकार ने यह भी साफ किया है कि रोजाना कितनी बार यात्रा करनी है, इसकी कोई लिमिट नहीं है। आप दिन में जितनी बार चाहे उतनी बार फ्री में बस में सफर कर सकती हैं।
तमिलनाडु में पहले से ही महिलाओं के लिए कई योजनाएं चल रही हैं, लेकिन वेत्री पयानम योजना को सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे महिलाओं को काम पर जाने, स्कूल-कॉलेज जाने और अस्पताल जाने में काफी आसानी होगी। कई बार महिलाएं किराए की वजह से घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं। अब फ्री यात्रा होने से वे ज्यादा आत्मनिर्भर बनेंगी। इससे उनके पैसे भी बचेंगे और समय भी।
यह योजना न सिर्फ महिलाओं की जेब का बोझ कम करेगी, बल्कि उन्हें सुरक्षित और भरोसेमंद सफर भी देगी। सरकार का मानना है कि जब महिलाएं ज्यादा सफर करेंगी, तो वे समाज में और ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा पाएंगी।