Highlights
पनामा सरकार ने देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है
भूकंप से प्रभावित लोगों की मदद के लिए फैसला लिया गया है
सरकार ने राहत कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू की
Panama Earthquake: पनामा सरकार ने शनिवार को आपातकाल की घोषणा कर दी है, दरअशल देश में आए दो जबरदस्त भूकंपों के बाद के झटकों ने घंटों तक लोगों को हिलाकर रख दिया। जिसके बाह राहत कार्यों में तेजी के लिए पनामा ने यह फैसला किया है। प्रभावित लोगों की मदद के लिए देश में आपातकाल घोषित कर दिया है।
राष्ट्रपति मंत्रालय के मंत्री जुआन कार्लोस ओरिलाक ने शनिवार राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस घोषणा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी एजेंसियां हर समय तैयार रहें और प्रभावित लोगों की मदद के लिए उनके पास जरूरी संसाधन उपलब्ध हों।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ओरिलाक ने कहा कि राष्ट्रपति होसे राउल मुलिनो ने राहत कार्यों के समन्वय, संसाधनों के प्रबंधन और प्रभावित इलाकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक विशेष आयोग बनाने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने लोगों से सहायता सामग्री जुटाने के लिए कई दान संग्रह केंद्र भी बनाए हैं। राजधानी पनामा सिटी के ओमार पार्क में एक प्रमुख संग्रह केंद्र स्थापित किया गया है, जबकि प्रांतीय सरकारी कार्यालयों को भी अतिरिक्त संग्रह केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
बता दें कि शुक्रवार दोपहर स्थानीय समयानुसार 12:56 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गई। इसका केंद्र लोस सैंटोस प्रांत के टोनोसी शहर से लगभग 39 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित था। भूकंप के कारण देश के कई हिस्सों में घरों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, सड़कों और सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में एल्ब्रुक बस टर्मिनल की छत हिलती हुई दिखाई दी, जबकि कई इमारतों की खिड़कियां भी जोर-जोर से कांपती नजर आईं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी पनामा सिटी में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। वहां बैठे हुए लोगों को इमारतों के एक तरफ से दूसरी तरफ जोरदार कंपन महसूस हुआ। फिलहाल पनामा की आपदा प्रबंधन और अन्य सरकारी एजेंसियां नुकसान का आकलन कर रही हैं और राहत कार्यों पर जोर दे रही हैं।
पनामा में भूकंप की घटना को लेकर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भूकंप के बाद पनामा की सरकार और वहां के लोगों के प्रति एकजुटता जताई। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि पनामा में आए भूकंप के बाद भारत वहां की सरकार और जनता के साथ खड़ा है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी घायल और प्रभावित लोगों के साथ हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)