बलूचिस्तान पर पाकिस्तानी विमानों ने दागे गोले (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

Pakistani Airstrikes: बलूचिस्तान के कलात में पाकिस्तानी विमानों ने दागे गोले, भारी तबाही की आशंका

Pakistani Aircraft Kalat: बलोचिस्तान के कलात जिले में पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने दो अलग स्थानों पर भीषण एयरस्ट्राइक की, जिसके बाद हुए शक्तिशाली धमाकों से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्रिया सिंह

Pakistani Aircraft Kalat Airstrikes Report: बलोचिस्तान के कलात जिले में पाकिस्तानी सैन्य विमानों द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर एयरस्ट्राइक किए जाने की खबर सामने आई है। हमलों के बाद कई शक्तिशाली धमाके हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। प्रभावित क्षेत्रों में संचार और आवाजाही पर प्रतिबंध के कारण नुकसान की सटीक जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, कलात के छप्पर और आसपास के इलाकों में जेट विमानों से बमबारी की गई। इससे पहले रविवार को मंगुचर क्षेत्र में एक ड्रोन ने एक संदिग्ध वाहन को निशाना बनाया था। वहीं, गनशिप हेलीकॉप्टरों से भी कई घंटों तक गोलीबारी किए जाने की खबर है।

कलात में दो स्थानों पर एयरस्ट्राइक की खबर

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सोमवार को कलात जिले में पाकिस्तानी सैन्य विमानों ने दो अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया। इनमें कलात का छप्पर इलाका भी शामिल बताया जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, छप्पर में एक लड़ाकू विमान द्वारा एयरस्ट्राइक के बाद जोरदार धमाका हुआ। इसके अलावा टूक और दश्त-ए-गोरान के आसपास भी एक बड़े विस्फोट की जानकारी सामने आई। धमाकों के समय स्थानीय लोगों ने आसमान में जेट विमानों की आवाजाही देखी, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

मंगुचर में ड्रोन हमला, रुदीनजो में हेलीकॉप्टर से गोलाबारी

कलात में एयरस्ट्राइक से एक दिन पहले रविवार को मंगुचर क्षेत्र में एक ड्रोन हमले की खबर सामने आई थी। बताया गया कि ड्रोन ने एक संदिग्ध वाहन को निशाना बनाया।

इसी दौरान रुदीनजो और आसपास के क्षेत्रों में पाकिस्तानी गनशिप हेलीकॉप्टरों से कई घंटों तक गोलाबारी किए जाने की भी रिपोर्ट है। कुछ इलाकों में क्वाडकॉप्टर हमलों की खबरों ने भी स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी।

सैन्य गतिविधियों के बीच प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने और लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात कही गई है। इसके कारण संभावित हताहतों और नुकसान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

खुजदार के वध में शादी समारोह पर गोलीबारी

बलोचिस्तान में हाल के दिनों में सैन्य अभियानों और हिंसक घटनाओं को लेकर कई रिपोर्ट सामने आई हैं। बीती 10 सितंबर को खुजदार के वध इलाके में फ्रंटियर कोर के जवानों द्वारा शादी समारोह पर गोलीबारी किए जाने का आरोप लगाया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में चार आम नागरिकों की मौत हुई, जबकि सात साल के बच्चे शाहजैब समेत कई लोग घायल हुए। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी आक्रोश की बात भी सामने आई।

मस्तंग और सूराब में भी सामने आईं घटनाएं

इससे पहले 21 अगस्त को मस्तंग के खदकोचा स्थित गैथ में कथित ड्रोन हमले की खबर आई थी। इसमें फल खलिहान में काम करने वाले चार मजदूरों की मौत होने की बात कही गई थी।

वहीं, 12 अगस्त को सूराब के गिदर गोंधान इलाके में एयरस्ट्राइक के बाद महिलाओं और बच्चों समेत 20 से अधिक लोगों के घायल होने की रिपोर्ट सामने आई थी। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया था कि विस्फोटक वाहन तैयार कर रहे उग्रवादी समय से पहले हुए विस्फोट में मारे गए और आसपास मौजूद नागरिकों को नुकसान इसी कारण हुआ।

हालांकि स्थानीय निवासियों और मानवाधिकार समूहों ने इस दावे को खारिज करते हुए घटना को हवाई हमला बताया था। कलात में ताजा एयरस्ट्राइक के बाद भी क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों और संभावित नागरिक नुकसान को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।

पटना में BPSC और दारोगा भर्ती रद्द करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र, भारी पुलिस बल तैनात

MDR on UPI: अमेरिकी दबाव में मोदी फिर सरेंडर, UPI पर फीस के नए नोटिफिकेशन पर भड़के राहुल गांधी

Swatantra Bhardwaj Bail: स्वतंत्र भारद्वाज को मिली जमानत, कब आएगा जेल से बाहर?

दूसरे देशों के सर्टिफिकेट क्यों देखें? UCC पर उमर अब्दुल्ला का BJP पर हमला, बोले- संसद में साबित करें बहुमत

मजबूत लोकतंत्र के लिए आलोचना जरूरी, अदालती फैसलों पर CJI सूर्यकांत का बड़ा बयान, कहा- जनता का भरोसा जीते