Pakistan Strikes Afghanistan India: पाकिस्तान सरकार ने अफगानिस्तान के भीतर की गई अपनी सैन्य कार्रवाई पर भारत की आलोचना को सख्ती से खारिज कर दिया है। पाकिस्तान ने भारत की टिप्पणी को “गैरजरूरी और बेतुकी” बताते हुए कहा कि इस मामले में भारत को बयान देने का कोई अधिकार नहीं है। भारत सरकार ने रमजान के महीने में अफगान इलाकों पर पाकिस्तानी हमलों को गलत बताया था। अब इस पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में भारत पर आतंकवाद को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय कानूनों की अनदेखी करने के आरोप लगाए। मंत्रालय का कहना है कि इस मुद्दे पर भारत का खुद का रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं रहा है, इसलिए उसकी आलोचना को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता।
दरअसल, हाल ही में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर कुछ ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों की भारत ने कड़ी निंदा की थी और उन्हें गैर-जिम्मेदाराना कदम बताया था। इसी आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने रविवार को प्रेस से बात करते हुए भारत के बयान को पूरी तरह गलत करार दिया।
ताहिर अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर आतंकवादी संगठनों और उनके ठिकानों को निशाना बनाया है, और ऐसा करना उसका वैध अधिकार है। उनके अनुसार, पाकिस्तान की कार्रवाई सटीक, लक्षित और कानूनी दायरे में की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत अफगानिस्तान की जमीन से संचालित होने वाले कुछ आतंकवादी नेटवर्कों को समर्थन देता है। अंद्राबी के मुताबिक, इन नेटवर्कों के ठिकाने नष्ट होने से भारत निराश है, इसलिए वह पाकिस्तान की कार्रवाई की आलोचना कर रहा है।
पाकिस्तानी प्रवक्ता ने अपने बयान में सिंधु जल संधि और कश्मीर मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सिंधु जल संधि के तहत अपनी जिम्मेदारियों का उल्लंघन कर रहा है और पानी को एक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा है। उनके मुताबिक, भारत के ऐसे कदम न केवल अफगानिस्तान बल्कि पूरे क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध का खेल जगत पर असर… सुरक्षा कारणों से सऊदी और बहरीन में होने वाली फॉर्मूला 1 रेस रद्द
वहीं भारत ने पाकिस्तान के इन हमलों को बेहद गैर-जिम्मेदाराना बताया है। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगानिस्तान के क्षेत्र में किए गए पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक की भारत कड़ी निंदा करता है।