ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

यूट्यूब पर बिना हिजाब गाना अपलोड करना पड़ा भारी, बीच सड़क पर ईरानी सिंगर को मारे गए 74 कोड़े; दो साल का बैन

Iran Hijab Law Singer Case: ईरान में बिना हिजाब म्यूजिक प्रोग्राम करने वाली सिंगर परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारने की सजा मिली है। उनकी टीम के चार सदस्यों पर भी कार्रवाई हुई।

अक्षय साहू

Highlights:

  • ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी को बिना हिजाब के गाना गामे पर 74 कोड़े मारने की सजा मिली।

  • प्रोडक्शन टीम के चार अन्य सदस्यों को भी 74-74 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई।

  • अहमदी और उनकी टीम पर दो साल तक संगीत और कला से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाई गई।

  • दिसंबर 2024 में यूट्यूब पर अपलोड किया गया था कॉन्सर्ट का वीडियो।

Parastoo Ahmadi 74 Lashes Punishment: ईरान में बिना हिजाब म्यूजिक प्रोग्राम करने वाली सिंगर परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारने की सजा दी गई है। उनके साथ प्रोडक्शन टीम के चार अन्य सदस्यों को भी यही सजा मिली है। पांचों को अश्लील और अनैतिक माने जाने वाले ऑनलाइन कंटेंट बनाने और उसे पब्लिश करने का दोषी ठहराया गया था।

ईरानी समाचार वेबसाइट 'एम्तेदाद' के मुताबिक, वकील मुस्तफा नीली ने इस कार्रवाई की जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, अहमदी और उनकी टीम के चार सदस्यों पर अगले दो साल तक संगीत और कला से जुड़ी गतिविधियां करने पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा वे इस दौरान विदेश यात्रा भी नहीं कर सकेंगे। हालांकि, यह साफ नहीं है कि वकील मुस्तफा नीली पांचों आरोपियों का केस लड़ रहे थे या नहीं।

क्या था परस्तू अहमदी का कॉन्सर्ट?

यह मामला दिसंबर 2024 में यूट्यूब पर अपलोड किए गए एक म्यूजिक प्रोग्राम से जुड़ा है। परस्तू अहमदी ने यह कार्यक्रम पुरुष संगीतकारों के साथ किया था। इसकी रिकॉर्डिंग ईरान के कोम शहर के पास स्थित ऐतिहासिक देइर-ए गचिन कारवांसराय में की गई थी। पुराने समय में इस जगह का इस्तेमाल यात्रियों के ठहरने के लिए किया जाता था।

कॉन्सर्ट में अहमदी ने लंबे काले कपड़े पहने थे और उनके बाल खुले हुए थे। उन्होंने बिना हिजाब के गाना गाया, जबकि ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना अनिवार्य है। कार्यक्रम की शूटिंग कम रोशनी वाले मंच पर हुई थी। वहां एक बड़ा फारसी कालीन बिछाया गया था और कोई लाइव दर्शक मौजूद नहीं था। वीडियो सामने आने के बाद इसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा। इसके बाद ईरान में महिला कलाकारों के सार्वजनिक कार्यक्रमों और हिजाब से जुड़े नियमों को लेकर बहस शुरू हो गई।

जून में सुनाई गई थी सजा

ईरान की अदालत ने इस कॉन्सर्ट को देश के कानून और धार्मिक नियमों का उल्लंघन माना था। न्यायपालिका से जुड़ी मिजान न्यूज एजेंसी ने भी इसे गैरकानूनी कार्यक्रम बताया था। इसके बाद अहमदी और उनकी टीम के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई।

आरोप था कि उन्होंने सार्वजनिक मर्यादा का उल्लंघन करते हुए अश्लील और अनैतिक मानी जाने वाली सामग्री तैयार की और उसे ऑनलाइन प्रसारित किया। रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने जून में सभी को 74-74 कोड़े मारने की सजा सुनाई थी। सितंबर में अपील के बाद भी यह फैसला बरकरार रहा।

नौ लोगों को दी गई सजा

हालांकि, पहले आई खबरों में इस मामले में कुल नौ लोगों को सजा दिए जाने की बात कही गई थी। इनमें गायिका, संगीतकार और प्रोडक्शन टीम के सदस्य शामिल थे। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बाकी चार लोगों को भी कोड़े मारने की सजा दी गई है या नहीं। अक्टूबर में एमनेस्टी इंटरनेशनल ने ईरान सरकार से इस सजा को रोकने की अपील की थी। संगठन ने इसे क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक बताया था।

ईरान में हिजाब को लेकर सख्त कानून

ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगहों पर बाल ढकना जरूरी है। साल 2022 में 22 वर्षीय महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद इस कानून के खिलाफ देशभर में बड़े प्रदर्शन हुए थे। महसा अमीनी कुर्द मूल की ईरानी महिला थीं। उन्हें कथित तौर पर हिजाब नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हिरासत में उनकी मौत के बाद महिलाओं की आजादी और हिजाब कानून को लेकर विरोध तेज हो गया था।

ट्रेन में अब नहीं मिलेगी पहले जैसी खाने की थाली, 8-10 की जगह परोसेंगे सिर्फ 4 आइटम; जानें नया मेन्यू

महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार, TVK विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग; DMK सांसद ने उठाया CM विजय पर सवाल

PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दिया मात्र 26 सीटों का ऑफर, इमरान मसूद भड़के; कहा- भीख नहीं मांग रहा

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा