Oil And Gas Price: तेल, गैस बिल 60% बढ़ा, LPG की खपत में बड़ी गिरावट; आंकड़ों के जरिए समझें पूरी गणित

India Oil and Gas Import: LPG की बढ़ती मांग और तेल-गैस आयात पर निर्भरता के बीच भारत का आयात बिल एक साल में 10 अरब डॉलर से बढ़कर 16 अरब डॉलर पहुंच गया। यानी देश के खर्च में 6 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
oil and gas price hike
तेल और गैस के बढ़ रहे दामसोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अक्टूबर में भारत का तेल और गैस आयात बिल सालाना आधार पर 60% बढ़कर 16 अरब डॉलर पहुंचा

  • घरेलू LPG की खपत में गिरावट, अक्टूबर में 12.3% और अप्रैल-अक्टूबर के दौरान 15.1% की कमी दर्ज

  • महंगे कच्चे तेल से बढ़ा आयात खर्च, वहीं ऑटो LPG की मांग में 23.9% की बढ़ोतरी दर्ज

India Oil and Gas Imports October 2026: अमेरिका और ईरान के युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं, जिसका असर भारत के एनर्जी बिल पर दिखाई दिया है। पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में देश का नेट ऑयल एवं गैस इंपोर्ट बिल सालाना आधार पर 60 फीसदी बढ़कर 16 अरब डॉलर पहुंच गया। एक साल पहले अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 10 अरब डॉलर था।

खास बात यह रही कि भारत ने तेल की खरीद की मात्रा बहुत ज्यादा नहीं बढ़ाई, बल्कि ग्लोबल मार्केट में ऊंची कीमतों की वजह से आयात बिल में यह बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इस भारी-भरकम बिल में सबसे बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात का रहा। अक्टूबर में भारत ने सिर्फ कच्चे तेल की खरीद पर 19.5 अरब डॉलर खर्च किए, जबकि एक साल पहले यह खर्च 10.4 अरब डॉलर था। मात्रा के हिसाब से देखें तो अक्टूबर में कच्चे तेल का आयात सिर्फ 11 फीसदी बढ़कर 23.3 मिलियन टन रहा।

इसी महीने में एलएनजी का आयात 1.3 अरब डॉलर का रहा, जबकि पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के निर्यात से भारत को 6.3 अरब डॉलर की कमाई हुई।

कीमतों का अंतर साफ बताता है कि बिल इतना क्यों बढ़ा। ब्रेंट क्रूड का औसत भाव 124.77 डॉलर प्रति बैरल रहा। एक साल पहले इसी महीने में यह सिर्फ 64.75 डॉलर प्रति बैरल था, जबकि सितंबर में औसत भाव 116.77 डॉलर था। भारत जो कच्चा तेल खरीदता है, यानी इंडियन क्रूड बास्केट, उसका औसत भाव भी उछलकर 119.91 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

देश में घरेलू एलपीजी ग्राहकों की संख्या भी घटी

एक तरफ कच्चे तेल का बिल बढ़ा, वहीं दूसरी तरफ देश में रसोई गैस यानी एलपीजी की मांग काफी कमजोर रही। अक्टूबर में एलपीजी की खपत 12.3 फीसदी गिर गई। अप्रैल से अक्टूबर के बीच इसमें 15.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

PPAC के आंकड़ों के मुताबिक, एक्टिव घरेलू एलपीजी ग्राहकों की संख्या भी कम हुई है। वित्त वर्ष की शुरुआत में यह संख्या 33.4 करोड़ थी, जो 1 नवंबर तक घटकर 32.6 करोड़ रह गई।

प्राइवेट सेक्टर की तरफ से होने वाले एलपीजी आयात में भी भारी गिरावट आई है। अक्टूबर में यह 83.8 फीसदी गिरा और वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में इसमें 97.3 फीसदी की कमी आई।

सरकारी तेल कंपनियों की बात करें तो उनकी पैक्ड घरेलू एलपीजी की बिक्री 11.8 फीसदी घटी, जबकि बल्क एलपीजी की बिक्री 49.1 फीसदी लुढ़क गई।

डीजल-पेट्रोल की मांग बढ़ी

अक्टूबर में डीजल की मांग ने रफ्तार पकड़ी। सालाना आधार पर डीजल की खपत 12 फीसदी बढ़कर 8.5 मिलियन टन रही। पेट्रोल की खपत में 3.5 फीसदी और बिटुमिन की खपत में 16.5 फीसदी का इजाफा हुआ।

इस वजह से अक्टूबर में कुल पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की खपत 2.7 फीसदी बढ़कर 20.5 मिलियन टन पर पहुंच गई। हालांकि अप्रैल से अक्टूबर के बीच कुल खपत अभी भी 3.2 फीसदी कम होकर 134.2 मिलियन टन पर बनी हुई है।

भारत के लिए तेल और गैस का बढ़ता आयात बिल ऊर्जा सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के लिहाज से चिंता का संकेत है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की महंगाई ने आयात खर्च बढ़ा दिया है, जबकि घरेलू एलपीजी की खपत में गिरावट मांग की कमजोरी दिखाती है। हालांकि, ऑटो एलपीजी की बढ़ती मांग एक अलग रुझान सामने रखती है। कुल मिलाकर, भारत को महंगे ऊर्जा आयात पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की जरूरत है।