अमेरिका में ईरान के डर्टी बम हमले की आशंका।
ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी हो सकते हैं निशाने पर।
संभावित खतरे को लेकर अमेरिकी सीक्रेट सर्विस हाई अलर्ट।
व्हाइट हाउस ने फिलहाल किसी ठोस खतरे से किया इनकार।
Iran Dirty Bomb Attack Threat: अमेरिका में ईरान की ओर से डर्टी बम या केमिकल हथियारों के जरिए हमले की साजिश रचे जाने की आशंका जताई गई है। CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसी जानकारियां मिली हैं कि ईरान, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना बना सकता है।
रिपोर्ट में 7 अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी गई है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान के पास इस तरह के हमले को अंजाम देने की तकनीकी क्षमता हो सकती है, लेकिन अमेरिकी जमीन पर ऐसा ऑपरेशन करना उसके लिए काफी चुनौतीपूर्ण होगा।
विशेषज्ञों ने अमेरिका में इस तरह के हमले की संभावना को बेहद कम बताया है। उनका कहना है कि अगर ईरान ऐसा कोई हमला करता है तो उसे अमेरिका की ओर से बेहद सख्त जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
इस बीच व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा है कि अमेरिकी प्रशासन सभी संभावित खतरों पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल देश के भीतर किसी ठोस खतरे की जानकारी नहीं है।
CNN की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि संभावित खतरे से निपटने के लिए अमेरिकी अधिकारियों ने कई बैठकें की हैं। ईरान की ओर से मिल रही धमकियों के मद्देनजर सीक्रेट सर्विस ने पिछले सप्ताह ट्रेजरी सेक्रेटरी को मिलिट्री हाउसिंग में शिफ्ट कर दिया था।
डर्टी बम पारंपरिक विस्फोटक और रेडियोएक्टिव पदार्थों को मिलाकर तैयार किए जाते हैं। इन्हें बनाना अपेक्षाकृत आसान माना जाता है। ऐसे हमले को अंजाम देने के लिए ईरान को जरूरी नहीं कि अपने किसी प्रशिक्षित एजेंट को अमेरिका भेजना पड़े।
इसके बजाय ईरान अमेरिका में पहले से मौजूद किसी व्यक्ति को हमले के लिए तैयार कर सकता है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के हवाले से यह दावा भी किया गया है कि ईरान ने अमेरिका के भीतर ही बम बनाने से जुड़ी सामग्री छिपाकर रखी हुई है।
इन खुफिया जानकारियों से संकेत मिलता है कि ईरान अमेरिका में हमले की संभावनाओं पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई प्रमाण सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो सके कि ईरान ने हमले को अंजाम देने का अंतिम निर्णय ले लिया है।