अपने समर्थकों के साथ फ्लेवियो बोल्सोनारो (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

ब्राजील में लूला की जीत के बाद फ्लेवियो पर एक्शन, देश से बाहर जाने पर लगी रोक, पासपोर्ट जमा करने का आदेश

Flavio Bolsonaro Travel Ban: ब्राजील की कोर्ट ने विपक्षी नेता फ्लेवियो बोल्सोनारो के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है और 24 घंटे में पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया है। वकील से बात करने पर भी लगी रोक।

अक्षय साहू

Flavio Bolsonaro Passport Seized: ब्राजील की एक कोर्ट ने विपक्षी नेता फ्लेवियो बोल्सोनारो के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। साथ ही 24 घंटे के अदंर अपना पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया गया है। यह आदेश रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद आया। लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने फ्लेवियो को हराकर लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव जीत लिया है। 

ब्राजील की पब्लिक न्यूज एजेंसी एजेंसिया ब्रासिल ने बताया कि सर्वोच्च संघीय न्यायालय के जज एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने यह गोपनीय फैसला सुनाया, जिसमें बोल्सोनारो को वकील विलर टोमाज से संपर्क करने पर भी रोक लगा दी गई है, जिनकी जांच सीनेटर के साथ एक संदिग्ध मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में हो रही है।

देश से भागने का कोई इरादा नहीं: फ्लेवियो बोल्सोनारो

फ्लेवियो बोल्सोनारो ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए पासपोर्ट जमा करने के आदेश की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि उन्हें  यह नोटिस उनके पिता और पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो से मिलने के बाद दिया गया था, जो ब्रासीलिया में अपने घर में नजरबंद हैं।

उन्होंने कहा, मुझे सड़क पर ही अपना पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया गया, और मुझे देश छोड़ने से भी मना किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके भाई एडुआर्डो बोल्सोनारो की बातों पर आधारित था, जिन्होंने कथित तौर पर पिछले शुक्रवार को एक पॉडकास्ट में कहा था कि अगर फ्लेवियो चुनाव हार जाते हैं तो उन्हें ब्राजील छोड़ देना चाहिए। फ्लेवियो बोल्सोनारो ने कहा, मैंने ऐसा कभी नहीं कहा, उन्होंने इस बात से इनकार किया कि उनका देश से भागने का इरादा है।

किस मामले में की गई कार्रवाई?

इस फैसले से उनके सभी पासपोर्ट रद्द हो गए हैं, जिसमें सीनेटर के तौर पर उनके पास मौजूद राजनयिक पासपोर्ट भी शामिल है। यह फेडरल पुलिस की उस जांच का भी हिस्सा है जिसमें संदिग्ध मनी लॉन्ड्रिंग और गैर-कानूनी फॉरेन एक्सचेंज ट्रांजैक्शन शामिल है। जिसकी जांच चल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्राजील के सर्वोच्च संघीय न्यायालय और फेडरल पुलिस ने मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।  

लूला से राष्ट्रपति चुनाव हारे फ्लेवियो

रविवार को सामने आए चुनावी नतीजों में फ्लेवियो बोल्सोनारो को लूला डी सिल्वा से हार का सामना करना पड़ा। पहले चरण में हारने के बाद लूला ने दूसरे चरण में शानदार वापसी की और लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया। दूसरे और निर्णायक चरण में उन्हें 51.79 प्रतिशत वैध मत मिले। जबकि  बोल्सोनारो को 48.21 प्रतिशत वोट मिले।

चुनाव के नतीजे आने के बाद फ्लेवियो ने इसे मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रुकने और भारी बारिश से होने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए वोटिंग के लिए दो घंटे का समय बढ़ाया गया और इस दौरान गड़बड़ी की गई। हालांकि सरकार ने कहा कि वोटिंग के लिए समय बढ़ाने का फैसला इसलिए किया गया ताकि योग्य मतदाताओं को पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने में मदद मिल सके।

MLC Election Results LIVE: यूपी, बिहार, महाराष्ट्र समेत चार राज्यों में मतगणना, RJD का चुनाव आयोग को पत्र

BRICS Parliamentary Forum 2026: ब्रिक्स फोरम में बिरला का संदेश, चर्चाओं से नहीं ठोस नतीजों से तय होगी सफलता

Bihar MLC Election Result: पटना में मतगणना केंद्र पर हंगामा, CCTV नहीं होने पर कांग्रेस-जन सुराज ने उठाए सवाल

चक्रवात अर्णव आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, 140 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई, 12 विपक्षी पार्टियों की संयुक्त याचिका को साथ सुनेगा कोर्ट