

Highlights:
UAE में भारतीय ने 50 दिरहम के टिकट से 50 लाख दिरहम जीते।
60वें जन्मदिन से पांच दिन पहले चमकी किस्मत, इनाम करीब 12.9 करोड़ रुपये।
पत्नी के साथ दुनिया घूमने और UAE गोल्डन वीजा के लिए आवेदन करने की योजना।
Who Indian Won UAE Lottery: किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहने वाले एक भारतीय शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है। किशोर पांडुरंग राव ने महज 50 दिरहम यानी करीब 1,300 रुपये की लॉटरी टिकट खरीदकर 5 मिलियन दिरहम (लगभग 12.9 करोड़ रुपये) का इनाम जीत लिया। इस बड़ी जीत के बाद अब वह अपनी पत्नी के साथ दुनिया घूमने, परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने और UAE का गोल्डन वीजा हासिल करने की योजना बना रहे हैं।
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय नागरिक किशोर पांडुरंग राव ने 3 अक्टूबर को UAE लॉटरी के लकी डे ड्रॉ में 50 लाख दिरहम का इनाम जीता। खास बात यह है कि उनकी यह जीत 60वें जन्मदिन से महज पांच दिन पहले हुई। राव साल 1993 में भारत से UAE आए थे और पिछले 30 वर्षों से ज्यादा समय से वहीं रह रहे हैं।
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, राव दुबई, अजमान, शारजाह और अबू धाबी में भी रह चुके हैं। फिलहाल वह शारजाह में रहते हैं और UAE को अपना घर मानते हैं।
लॉटरी जीतने के बाद राव की सबसे बड़ी इच्छाओं में से एक अपनी पत्नी के साथ दुनिया घूमना है। उनकी पत्नी को भी यात्रा करना पसंद है। राव का कहना है कि वह अपनी पत्नी के साथ अलग-अलग देशों और खूबसूरत जगहों को देखना चाहते हैं।
इसके अलावा, वह UAE का गोल्डन वीजा हासिल करने के लिए भी आवेदन करना चाहते हैं। राव ने बताया कि गोल्डन वीजा प्राप्त करना उनका पुराना सपना रहा है। अब इनाम की रकम मिलने के बाद उन्हें इसके लिए आवेदन करने का अवसर दिखाई दे रहा है।
गोल्डन वीजा UAE में इंवेस्टर्स, मेडिकल प्रोफेशनल, रिसर्चर्स, व्यवसायी और साइंस एंड नॉलेज फील्ड से जुड़े लोगों को लंबे समय तक बसने का इजाजत देता है।
राव ने लॉटरी जीतने की खबर शुरुआत में अपने तक ही रखी। बाद में उन्होंने अपनी पत्नी को इसकी जानकारी दी, जिससे वह बेहद खुश हुईं। इसके बाद दंपती ने यह खुशखबरी कुछ करीबी लोगों के साथ साझा की।
राव के लिए पत्नी और बच्चे सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। वह परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं और UAE में सभी को एक साथ रखने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल वह सोच-समझकर तय करना चाहते हैं कि इस रकम का इस्तेमाल किस तरह किया जाए।
राव ने UAE लॉटरी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से 50 दिरहम का टिकट खरीदा था। उन्होंने 'ईजी पिक' विकल्प चुना, जिसके तहत नंबर अपने आप चुने जाते हैं। ड्रॉ में 'डेज' सेक्शन के सभी छह नंबर मिल जाने से उन्हें 50 लाख दिरहम का इनाम मिला।
शुरुआत में उन्हें अपनी जीत पर यकीन नहीं हुआ। समाचारों में अपना नाम देखने के बाद उन्होंने अकाउंट चेक किया और तब उन्हें भरोसा हुआ कि उन्होंने वास्तव में इनाम जीत लिया है।
राव ने लॉटरी खेलने वालों को सलाह भी दी कि वे अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार ही पैसे खर्च करें और पहले से खर्च की सीमा तय करें।