Cyber Attack In Europe Supermarkets: यूरोप के कई बड़े देशों से सुपरमार्केट में पर कथित तौर पर साइबर हमला हुआ है। स्वीडन, बेल्जियम और लक्जमबर्ग की सुपरमार्केट चेन ने बताया कि उनके दर्जनों स्टोर में उनके रेफ्रिजरेटर और फ्रीजर का टेम्परेचर रातों-रात बढ़ गया। जिससे फ्रांस में लाखों यूरो के खाने के नुकसान वाले साइबर-अटैक जैसा साइबर-अटैक होने का डर पैदा हो गया है।
स्वीडन की सुपरमार्केट चेन कूप ने सोमवार को डेली अफ्टनब्लाडेट को बताया कि उसके छह स्टोर इस घटना से प्रभावित हुए हैं। वहीं, ICA ने कहा कि उसे रात में हुई एक घटना की जानकारी मिली है, जिसका असर उसके कुछ स्टोर के रेफ्रिजरेशन और फ्रीजर सिस्टम पर पड़ा है।
डच रिटेल कंपनी अहोल्ड डेलहाइज ने भी इस तरह की घटना की पुष्टि की है। कंपनी ने बताया कि बेल्जियम और लक्जमबर्ग में उसके दर्जनों सुपरमार्केट के फ्रिज और फ्रीजर एक 'IT घटना' से प्रभावित हुए हैं। कंपनी ने पिछले महीने नीदरलैंड में भी पुलिस को साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक घटना की जानकारी दी थी। अहोल्ड डेलहाइज की प्रवक्ता सारा डी मीस्टर के मुताबिक, कंपनी को पता चला है कि कई स्टोर के कूलिंग सिस्टम का तापमान बढ़ गया था। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बेल्जियम के अखबार ले सोइर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना का असर दर्जनों स्टोर और सुपरमार्केट पर पड़ा है। इनमें पांच स्पार आउटलेट, Q8 सर्विस स्टेशनों से जुड़े कई शॉप एंड गो कन्वीनियंस स्टोर और छोटे प्रॉक्सी डेलहाइज मिनीमार्केट शामिल हैं।
रेफ्रिजरेशन सिस्टम लगाने और उनकी देखरेख करने वाली कंपनी सबकोबेल के सीईओ स्टीफन मोएलंस ने अखबार को बताया कि तकनीशियनों को रात करीब 1 बजे से ही काम पर बुलाना शुरू कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि प्रभावित इंस्टॉलेशन को ग्रिड से डिस्कनेक्ट करने में पूरी रात और सुबह का समय लग गया।
इससे पहले अक्टूबर में फ्रांस पुलिस ने बताया था कि हैकर्स ने एक बड़े साइबर हमले के दौरान करीब 700 सुपरमार्केट की कूलिंग यूनिट्स को अपने नियंत्रण में ले लिया था। इस हमले के कारण बड़ी मात्रा में ताजा और फ्रोजन खाद्य पदार्थ खराब हो गए थे। इस घटना ने इंटरनेट से जुड़े रेफ्रिजरेशन सिस्टम की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
जांच में सामने आया था कि हैकर्स ने हजारों फ्रीजर, फ्रिज और चिलर कैबिनेट की सेटिंग्स को दूर से बदल दिया था। इसके चलते इनका तापमान सामान्य -27 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 50 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक हो गया था। इस साइबर हमले से इंटरमार्चे, कोऑपरेटिव यू, कैरेफोर, लेक्लर्क और मोनोप्रिक्स जैसी सुपरमार्केट चेन प्रभावित हुई थीं।
हमले के बाद कई स्टोर को बड़ी मात्रा में ताजा मांस, डेयरी उत्पाद और फ्रोजन फूड फेंकना पड़ा था। इससे अलग-अलग स्टोर को हजारों यूरो से लेकर 1.30 लाख यूरो (करीब 1.09 लाख पाउंड) से अधिक तक का नुकसान हुआ। वहीं, अलसैस के दो स्टोर ने मिलकर 2.70 लाख यूरो के नुकसान की जानकारी दी थी।