Dubai Airport Closed After Iranian Drone Attack: ईरान-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। इस संघर्ष का असर अब पड़ोसी देशों पर भी दिखाई देने लगा है। खबरों के मुताबिक युद्ध शुरू होने के बाद से दुबई पर कई बार हमले किए जा चुके हैं, जिससे वहां सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सोमवार सुबह भी दुबई में एक बार फिर जोरदार धमाके सुनाई दिया।
बताया जा रहा है कि एक ड्रोन गिरने के बाद यह विस्फोट हुआ, जिसके कारण पास में मौजूद एक फ्यूल टैंक में आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में भी इसकी आवाज सुनाई दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
दुबई मीडिया ऑफिस ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित फ्यूल टैंक में आग लगने के कारण यह धमाका हुआ था। मौके पर पहुंची दुबई सिविल डिफेंस की टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझा दी और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। अधिकारियों के अनुसार इस घटना में अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बड़ा फैसला लिया है। अथॉरिटी ने यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल कोई भी एयरपोर्ट के आसपास न आए। साथ ही यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी फ्लाइट से जुड़ी सभी ताजा जानकारी ऑनलाइन ही चेक करते रहें और अनावश्यक रूप से एयरपोर्ट के आसपास जाने से बचें।
यह भी पढ़ें: बीबी मर गया…अपनी मौत की अफवाहों का मजाक उड़ाते नजर आए नेतन्याहू, VIDEO किया रिलीज, दिया खास मैसेज
पिछले एक हफ्ते में यह दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले पांच दिन पहले दुबई एयरपोर्ट पर ईरान की ओर से ड्रोन हमला किया गया था, जिसमें एक भारतीय नागरिक समेत चार लोग घायल हो गए थे। बीते दो हफ्तों से जारी संघर्ष के चलते मिडिल ईस्ट के कई देशों में तनाव का माहौल बना हुआ है। ईरान इससे पहले भी दुबई एयरपोर्ट के आसपास हमले कर चुका है और शहर के रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया था।