

Benjamin Netanyahu Alive: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच रविवार (15 मार्च 2026) को उनका एक नया वीडियो सामने आया, जिसमें वे पूरी तरह स्वस्थ नजर आए। वीडियो में नेतन्याहू एक कैफे में कॉफी ऑर्डर करते हुए दिखाई देते हैं और अपनी मौत से जुड़ी अफवाहों पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देते हैं।
दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया गया था, जिसमें दावा किया गया था कि ईरान के हमले में प्रधानमंत्री नेतन्याहू की मौत हो गई है। इजरायल ने शुरुआत में ही इन दावों को झूठा बताया था। अब खुद नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर इन अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगा दिया।
वीडियो में नेतन्याहू कहते हैं, “मैं मर गया हूं... कॉफी के लिए।” यह दरअसल एक हिब्रू मुहावरा है, जिसका मतलब है कि उन्हें कॉफी बेहद पसंद है। उन्होंने मजाक में कहा कि लोग कह रहे हैं कि “बीबी” (उनका निकनेम) मर गया है। इसके बाद उन्होंने कैमरे के सामने अपने दोनों हाथ दिखाते हुए कहा कि लोग उनकी उंगलियां भी गिन सकते हैं।
असल में सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में यह दावा किया गया था कि 12 मार्च 2026 को हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो में उनके एक हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही थीं, जिससे यह आरोप लगाया गया कि वीडियो एआई से बनाया गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नेतन्याहू ने कैमरे के सामने अपने दोनों हाथ उठाकर उंगलियां दिखाईं और कहा, “अगर आप गिनना चाहते हैं, तो देख सकते हैं।”
इस दौरान उन्होंने इजरायल के नागरिकों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें कॉफी से जितना प्यार है, उतना ही अपने लोगों से भी है। उन्होंने नागरिकों से बाहर निकलकर ताजी हवा लेने की अपील की, लेकिन साथ ही सुरक्षित स्थानों के करीब रहने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि देश के लोगों की हिम्मत ही सरकार, सुरक्षा बलों और मोसाद को ताकत देती है।
बेंजामिन नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजरायल ईरान को कड़ा जवाब दे रहा है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कौन-कौन से कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन इतना जरूर कहा कि इजरायल लगातार मजबूत कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी हिम्मत बनाए रखने और आगे बढ़ते रहने की अपील की।