Woman Died During Elephants Fight : कर्नाटक के मशहूर डुबारे एलिफेंट कैंप में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। कावेरी नदी में नहा रहे हाथियों की मस्ती अचानक जानलेवा साबित हो गई, जब दो विशाल हाथी आपस में भिड़ गए और उनका संतुलन बिगड़ने से एक महिला टूरिस्ट उनकी चपेट में आ गई।
बताया जा रहा है कि महिला अपने परिवार के साथ घूमने आई थी और नदी किनारे हाथियों को नहाते हुए देख रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसे की शुरुआत तब हुई जब “कंजन” नाम के एक हाथी ने दूसरे हाथी पर हमला कर दिया। दोनों हाथियों के बीच अचानक हुई लड़ाई में उनका बैलेंस बिगड़ गया और वे पास खड़ी महिला पर गिर पड़े। इतने भारी हाथियों के वजन के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
वायरल वीडियो में महिला का पति गोद में बच्चे को लिए उसे बचाने की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटनास्थल पर मौजूद लोग भी घबरा गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े।
ये खबर भी पढ़ें : “तू जानता नहीं मैं कौन हूं…” केदारनाथ जा रही महिला का खच्चर वाले पर रौब, वीडियो वायरल
यह हादसा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग वीडियो देखकर हैरानी और दुख जाहिर कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि जंगली या प्रशिक्षित बड़े जानवरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।
वहीं कुछ लोग प्रशासन से पर्यटकों की सुरक्षा के लिए और सख्त इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रही यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि चाहे जानवर कितने भी प्रशिक्षित क्यों न हों, उनके व्यवहार का अंदाजा लगाना हमेशा आसान नहीं होता।