Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना पैकोलिया थाना क्षेत्र के पिरैला गांव की बताई जा रही है। वीडियो में देखा गया कि एक शादी के दौरान दूल्हे की पहली पत्नी अचानक जयमाला स्टेज पर पहुंचकर हंगामा करने लगती है।
महिला का आरोप है कि उसका पति विनय बिना उसे तलाक दिए दूसरी शादी रचा रहा है। पहली पत्नी न सिर्फ स्टेज पर आई, बल्कि अपने साथ कई सबूत भी लाई थी। उसने दूल्हे को भेजे गए यूपीआई ट्रांजैक्शन दिखाए और अपनी निजी तस्वीरें भी सबके सामने पेश कीं ताकि यह साबित कर सके कि वह सच कह रही है।
महिला लगातार अपनी बात पर अड़ी दिखाई देती है, वहीं स्टेज पर मौजूद लोग उसे शांत कराने की कोशिश करते हैं। इस बीच दूल्हा भी अपना पक्ष रखने की कोशिश करता है और कहता है कि उसके पास भी “पीडीएफ” है, जिसे वह दिखा सकता है। लेकिन महिला उसके जवाब को गलत बताते हुए कहती है कि वह समय-समय पर पति को पैसे भेजती रही है और उसके पास उन सभी लेन-देन की स्टेटमेंट मौजूद है।
इतना ही नहीं, महिला अपनी मांग में भरे सिंदूर की फोटो और शादी की पुरानी तस्वीरें भी सबके सामने दिखाती है। शादी के कार्ड में महिला का नाम रेश्मा और दूल्हे का नाम विनय लिखा हुआ था, जिसकी वजह से मामला और गंभीर हो गया।
ये खबर भी पढ़ें :
जब विवाद बढ़ने लगा, तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने शादी रुकवा दी और दूल्हे विनय को थाने ले गई। बाद में दोनों पक्षों ने मिलकर फैसला किया कि जब तक कोर्ट में तलाक की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक शादी नहीं की जाएगी।
कानूनी तौर पर भी बिना तलाक दूसरी शादी करना अपराध माना जाता है, जिस कारण इस मामले ने और तूल पकड़ लिया है। लोग इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं—कुछ महिला के समर्थन में हैं, जबकि कुछ इसे मनोरंजन की तरह देख रहे हैं।