Tadoba Tiger Reserve : महाराष्ट्र के ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व से एक रोमांचक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बाघिन अपने दो शावकों के साथ जंगल में घूमती नजर आ रही है। इस दुर्लभ नजारे को देखने वाले पर्यटकों ने इसे अपने कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो बनाने वाले अंकुश जिजिलवार ने बताया कि वह 15 जुलाई को अपने परिवार के साथ सफारी पर गए थे। शुरुआत में उन्हें बाघ दिखाई नहीं दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी किस्मत ऐसी खुली कि उन्हें बाघिन के साथ उसके शावकों को बेहद करीब से देखने का मौका मिल गया।
अंकुश के मुताबिक, सफारी के दौरान पहले उन्हें कई जगह गाड़ियां खड़ी दिखाई दीं, लेकिन बाघ नजर नहीं आया। बाद में जब वे मोहरली गांव की ओर बढ़ रहे थे, तभी शाम करीब 7:03 बजे लंबी घास के बीच से अचानक एक बाघिन बाहर निकली।
इसके कुछ ही पल बाद उसके दो शावक भी एक-एक करके बाहर आ गए। कुछ देर तक तीनों जंगल के किनारे और फिर सड़क पर चलते दिखाई दिए। आगे बाघिन और उसके पीछे उसके दोनों शावक चल रहे थे। इस पूरे नजारे ने वहां मौजूद सभी पर्यटकों को रोमांचित कर दिया। वीडियो में यह पल बेहद शांत और प्राकृतिक अंदाज में कैद हुआ है।
ये खबर भी पढ़ें : भारत में ट्रेन सफर को लेकर विदेशी महिला ने शेयर किया अनुभव; बोली- ऐसा ट्रिप कभी नहीं भूलेंगे
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत वन्यजीव दृश्य बताया। एक यूजर ने लिखा, "मैं तो सिर्फ मोबाइल पर देखकर ही रोमांचित हो गया, सामने देखकर कैसा महसूस हुआ होगा।" वहीं कुछ लोगों ने जंगल में जिम्मेदार पर्यटन की भी बात उठाई।
उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मौकों पर वाहनों की लाइट बंद रखनी चाहिए और वन विभाग के सभी निर्देशों का पालन करना चाहिए, ताकि वन्यजीवों को किसी तरह की परेशानी न हो। गौरतलब है कि यह वायरल वीडियो वन्यजीव प्रेमियों के बीच तेजी से साझा किया जा रहा है और लोग इसे प्रकृति का दुर्लभ उपहार बता रहे हैं।