Stranger Saves Baby : हिमाचल प्रदेश और लद्दाख की सीमा पर स्थित शिंकू ला पास में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। करीब 15,000 फीट की ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी के कारण 6 महीने का बच्चा अचानक बेहोश हो गया।
बच्चे के पिता घबराकर उसे गोद में लेकर मदद मांगते नजर आए। तभी वहां मौजूद एक अजनबी ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बच्चे की जान बचाने की कोशिश शुरू कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि अजनबी ने तुरंत अपनी कार का दरवाजा खोला और पिता को अंदर बैठने के लिए कहा। उसने तुरंत पोर्टेबल ऑक्सीजन कैनिस्टर निकाला और बच्चे के मुंह व नाक पर मास्क लगाया। कुछ ही सेकंड में बच्चे को होश आ गया और वह रोने लगा।
आसपास मौजूद लोग काफी तनाव में दिखे और परिवार को संभालने की कोशिश करते नजर आए। वीडियो शेयर करने वाले यूजर रत्तन ढिल्लों ने बताया कि परिवार कई घंटों से वहां फंसा हुआ था और उन्हें समझ नहीं आया कि बच्चा ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी से परेशान हो रहा है।
ये खबर भी पढ़ें : थलापति विजय से मिलने 650 KM पैदल निकला कपल, केरल से चेन्नई तक यात्रा का वीडियो वायरल
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग पहाड़ी इलाकों में छोटे बच्चों को ले जाने के खतरे पर चर्चा कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि इतनी ऊंचाई पर यात्रा करना सामान्य हिल स्टेशन घूमने जैसा नहीं होता। वहां ऑक्सीजन स्तर कम होता है और मौसम तेजी से बदल सकता है।
वायरल वीडियो पर कुछ लोगों ने परिवार की आलोचना भी की, जबकि कई लोगों ने बच्चे की मदद करने वाले अजनबी की जमकर तारीफ की। विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से पहले डॉक्टर की सलाह लें, शरीर को समय दें और छोटे बच्चों को ऐसी जगह ले जाने से बचें।