तीन दिवसीय मुंबई दौरे के बाद विलियम और केट ने खास वीडियो साझा किया।
शाही जोड़े ने सचिन तेंदुलकर संग गली क्रिकेट खेला और कटिंग चाय पी।
दोनों ने अर्थशॉट प्राइज समारोह में शामिल होकर भारतीय कारीगरी और नवाचार सराहा।
Prince William Kate Mumbai Visit Video: ब्रिटेन के प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स यानी प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने भारत के तीन दिवसीय दौरे के बाद मुंबई में बिताए खास पलों का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।
आधिकारिक X हैंडल @KensingtonRoyal से पोस्ट किए गए वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, Dhanyabad India! वीडियो में मुंबई की गलियों में क्रिकेट खेलने से लेकर अर्थशॉट प्राइज समारोह और शहर की सांस्कृतिक झलकियों तक के यादगार पल दिखाई देते हैं।
इस पोस्ट में शाही जोड़े ने लिखा कि मुंबई में बिताए तीन दिन यहां के लोगों, नए विचारों और रचनात्मकता का जश्न मनाने के लिए खास रहे। उन्होंने अपने संदेश में कहा, Made in India. Proven in India. Relevant to the world. यानी भारत में तैयार समाधान, भारत में परखे गए और पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं।
प्रिंस विलियम और केट मिडलटन 16 नवंबर को मुंबई पहुंचे थे। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य 17 नवंबर को आयोजित छठे Earthshot Prize Awards 2026 में शामिल होना था। प्रिंस विलियम ने 2020 में इस पुरस्कार की शुरुआत की थी। इसका मकसद पर्यावरण से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के समाधान खोजने वाले नवाचारों और संगठनों को प्रोत्साहित करना है।
इस साल मुंबई में आयोजित समारोह में पांच विजेताओं को चुना गया। प्रत्येक विजेता को अपने समाधान का विस्तार करने के लिए 10 लाख पाउंड की पुरस्कार राशि दी गई। भारत की महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी ने Clean Our Air श्रेणी में पुरस्कार जीता।
मुंबई पहुंचने के बाद शाही जोड़े का पहला खास कार्यक्रम दक्षिण मुंबई के बलार्ड एस्टेट में हुआ। यहां उन्होंने क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और स्कूली बच्चों के साथ गली क्रिकेट खेला। सचिन ने इस दौरान उन्हें क्रिकेट के टिप्स भी दिए। प्रिंस विलियम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी की, जबकि केट ने भी मैदान पर अपने हाथ आजमाए।
इस दौरान दोनों ने मुंबई की मशहूर कटिंग चाय का स्वाद कुल्हड़ में लिया और मुंबई मेट्रो से भी सफर किया।
18 नवंबर को अपने दौरे के अंतिम दिन प्रिंस विलियम और केट ने लोअर परेल स्थित चाणक्य स्कूल ऑफ क्राफ्ट का दौरा किया। यहां महिलाओं को पारंपरिक कढ़ाई, हस्तशिल्प और टेक्सटाइल की सैकड़ों तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है।
शाही जोड़े ने कारीगरों से बातचीत की और भारतीय पारंपरिक कला को आधुनिक फैशन तथा टिकाऊ टेक्सटाइल से जोड़ने के प्रयासों को समझा। इस संस्थान की प्रशिक्षित महिलाओं का काम Dior, Fendi और Valentino जैसे अंतरराष्ट्रीय फैशन ब्रांडों तक पहुंच चुका है।
केट मिडलटन ने मुंबई के नौरोजी वाडिया मैटरनिटी हॉस्पिटल का भी दौरा किया। उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और नई माताओं से बातचीत कर मातृ स्वास्थ्य, नवजात शिशुओं की देखभाल और शुरुआती बचपन के विकास से जुड़े मुद्दों को समझा। यह विषय केट के लंबे समय से चल रहे Early Childhood अभियान से भी जुड़ा है।
वहीं, प्रिंस विलियम ने धर्मा प्रोडक्शंस के स्टूडियो में फिल्ममेकर करण जौहर, करीना कपूर और सैफ अली खान से मुलाकात की और बॉलीवुड डांस परफॉर्मेंस का आनंद लिया। इसके बाद शाही जोड़ा दिल्ली पहुंचा, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
भारत से लौटने के बाद साझा किया गया उनका यह वीडियो मुंबई के उन तीन दिनों की झलक है, जिसमें खेल, संस्कृति, भारतीय हस्तकला, स्वास्थ्य और पर्यावरण के मुद्दे एक साथ नजर आए।