Bihar Police Viral Video : पटना के डाक बंगला चौराहे पर मंगलवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसे देखकर लोग दंग रह गए। आमतौर पर ट्रैफिक विवाद में पुलिस सख्ती दिखाती है, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल उलट गए। एक महिला ने खुद पुलिस की गाड़ी को बीच सड़क पर रोक दिया और कानून तोड़ने पर सख्त लहजे में सवाल उठाने शुरू कर दिए।
वायरल वीडियो में साफ दिखता है कि पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी गलत दिशा से यू-टर्न ले रही थी। जैसे ही महिला ने यह देखा, वह तुरंत अपनी कार रोककर उतरी और पुलिस वाहन के सामने जाकर खड़ी हो गई। उसने बेझिझक कहा- “अगर कानून सब पर लागू है तो आप क्यों तोड़ रहे हैं? गाड़ी पर पुलिस लिखा है तो नियम तोड़ने की छूट नहीं मिल जाती।” यह नजारा देख आसपास खड़े लोग भी हैरान रह गए।
घटना के दौरान चौराहे पर मौजूद लोगों ने रुककर पूरा मामला देखने लगे और कई लोगों ने मोबाइल में वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। पुलिस की महिला अधिकारी खुद को बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन वह महिला एक कदम भी पीछे हटने को तैयार नहीं थी। करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस चली और इस दौरान ट्रैफिक भी थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुआ।
मौके पर मौजूद लोग महिला की हिम्मत और जागरूकता की जमकर तारीफ करने लगे। किसी ने कहा कि अगर हर नागरिक इतना सतर्क हो जाए, तो ट्रैफिक नियम खुद ही सुधर जाएंगे। आखिरकार विवाद बढ़ता देख पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली थाना लेकर गई, जहां मामले को शांतिपूर्वक सुलझाया गया।
ये खबर भी पढ़ें : मालिक की मौत पर फूट-फूटकर रोया कुत्ता, वीडियो देख लोग हुए भावुक
वायरल वीडियो को @gharkekalesh नाम के एक्स अकाउंट से शेयर किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। लाखों लोग वीडियो देख चुके हैं और कमेंट्स में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- “पुलिस हो या आम आदमी, गलत यू-टर्न कभी सही नहीं होता।” दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा- “जब पुलिस ही कानून का पालन नहीं करेगी तो जनता से क्या उम्मीद?”
एक अन्य यूजर ने लिखा- “चालान काटा जाए और वही पैसा पुलिस वालों की सैलरी से घटाया जाए।” कुल मिलाकर, इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया कि कानून सबके लिए बराबर है और जनता भी अब अपने अधिकारों को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो चुकी है।