Daughter Birth Celebration : मध्य प्रदेश के इंदौर से एक भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक परिवार 52 साल बाद अपने घर में जन्मी पहली बेटी का स्वागत करता नजर आ रहा है। लंबे इंतजार के बाद बेटी के जन्म की खबर सुनते ही ऑपरेशन थिएटर के बाहर खड़े परिजन खुशी से झूम उठे।
किसी ने तालियां बजाईं तो कोई भावुक होकर डॉक्टर को गले लगाने लगा। इस खास पल को इंदौर की प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बेला शाह जैन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया, जिसे लाखों लोग पसंद कर रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार के सदस्य ऑपरेशन थिएटर के बाहर हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहे हैं और बेसब्री से अच्छी खबर का इंतजार कर रहे हैं। कुछ देर बाद डॉ. बेला शाह जैन नवजात बच्ची को गोद में लेकर बाहर आती हैं। जैसे ही परिवार को पता चलता है कि बच्ची का जन्म हुआ है, वहां मौजूद सभी लोग खुशी से तालियां बजाने लगते हैं।
कई सदस्य डॉक्टर को गले लगाते हैं, जबकि कुछ की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़ते हैं। वीडियो के कैप्शन में डॉक्टर ने लिखा कि "कभी-कभी चमत्कार होने में पीढ़ियां लग जाती हैं। 52 साल तक इस परिवार में केवल बेटों का जन्म हुआ, लेकिन अब घर में बेटी आई है। यह दिन हमेशा याद रखा जाएगा।"
ये खबर भी पढ़ें : हरिद्वार में गंगा की तेज धारा में बहने लगा कांवड़िया, SDRF जवान ने लगाई छलांग; रेस्क्यू का VIDEO वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। कई यूजर्स ने कहा कि बेटी के जन्म पर परिवार की ऐसी खुशी देखकर समाज में बदलती सोच की झलक मिलती है। एक यूजर ने लिखा कि बेटी के जन्म पर परिवार का इतना उत्साह देखकर दिल खुश हो गया।
वहीं, एक अन्य यूजर ने बताया कि वह भी अपने परिवार की चार पीढ़ियों में जन्म लेने वाली पहली बेटी हैं। कई लोगों ने वायरल वीडियो को बेहद भावुक बताया और कहा कि इसे देखकर उनकी आंखें नम हो गईं। यूजर्स का मानना है कि यह वीडियो बेटियों के प्रति समाज में बढ़ती सकारात्मक सोच और सम्मान का खूबसूरत संदेश देता है।