Indigo Flights Cancelled : देशभर में इंडिगो की करीब 900 फ्लाइट्स के कैंसिल होने का असर अब आम लोगों की जिंदगी में साफ तौर पर दिखने लगा है। इसी वजह से कर्नाटक के हुबली में एक ऐसा अनोखा रिसेप्शन देखने को मिला, जिसे देखकर मेहमान भी हैरान रह गए।
यहां दूल्हा-दुल्हन की जगह स्टेज पर दुल्हन के माता-पिता बैठे थे, जबकि नया शादीशुदा कपल भुवनेश्वर से ऑनलाइन वीडियो कॉल के जरिए रिसेप्शन में शामिल हुआ। यह पूरी घटना तब हुई, जब अचानक इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल हो गई और कपल समय पर कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाया।
जानकारी के मुताबिक, हुबली की मेधा क्षीरसागर और भुवनेश्वर के संगम दास दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनकी शादी 23 नवंबर को भुवनेश्वर में हुई थी। शादी के बाद परिवार ने 2 और 3 दिसंबर को हुबली के गुजरात भवन में रिसेप्शन की तैयारी की थी। कपल ने 2 दिसंबर को भुवनेश्वर से बेंगलुरु होकर हुबली पहुंचने की फ्लाइट बुक की थी।
कई रिश्तेदारों ने भी भुवनेश्वर–मुंबई–हुबली के लिए टिकट ली थी। लेकिन 2 दिसंबर की सुबह 9 बजे वाली फ्लाइट लगातार लेट होती रही और आखिरकार 3 दिसंबर की सुबह करीब 4–5 बजे अचानक कैंसिल कर दी गई। इससे पूरा प्लान बिगड़ गया और कपल के पास हुबली पहुंचने का कोई विकल्प नहीं बचा।
ये खबर भी पढ़ें : IndiGo के काउंटर पर चढ़ी विदेशी महिला, फ्लाइट रद्द होने पर जमकर काटा बवाल, देखें वायरल VIDEO
फ्लाइट कैंसिलेशन की जानकारी मिलते ही परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि कार्यक्रम रद्द किया जाए या किसी तरह संभाला जाए। क्योंकि तब तक सभी मेहमान स्थल पर पहुंच चुके थे और पूरी तैयारी भी हो चुकी थी। ऐसे में घरवालों ने रिसेप्शन को रद्द करने के बजाय ऑनलाइन करने का फैसला लिया।
इवेंट पॉइंट पर एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई और दूल्हा-दुल्हन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेहमानों से जुड़े। वहीं स्टेज पर दुल्हन के माता-पिता बैठे और मेहमानों का स्वागत किया। दुल्हन की मां ने बताया कि यह स्थिति उनके लिए बेहद दुखद थी, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए कार्यक्रम को इसी तरह मैनेज करना पड़ा। इस अनोखे ऑनलाइन रिसेप्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।