IKEA Viral Video : अमेरिका की कंटेंट क्रिएटर अमांडा मॉन्सेन का IKEA शॉपिंग वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। टेक्सास की रहने वाली अमांडा ने इंस्टाग्राम पर अपनी शॉपिंग का वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि वह सोशल मीडिया पर चमकदार Chrome प्लेट्स और ट्रे देख रही थीं। इनका लुक उन्हें इतना पसंद आया कि वह खुद इन्हें खरीदने IKEA पहुंच गईं।
स्टोर में अमांडा अलग-अलग सामान देखती नजर आईं और आखिरकार उन्हें अपनी पसंद की एक चमकदार ट्रे मिल गई। इसकी कीमत 7.99 डॉलर यानी करीब 765 रुपये थी। उन्होंने बताया कि ट्रे का इस्तेमाल खाना परोसने के अलावा परफ्यूम रखने, कॉफी स्टेशन सजाने या छोटी चीजें रखने के लिए भी किया जा सकता है।
इसके बाद अमांडा को एक और प्लेट सेट मिला, जिसका डिजाइन उन्हें काफी पसंद आया। चार प्लेटों के इस सेट की कीमत 14.99 डॉलर यानी करीब 1,434 रुपये थी। अमांडा ने प्लेटों के डिजाइन को स्टाइलिश बताते हुए अपनी खुशी जाहिर की। वह लगातार IKEA में दूसरे Chrome सामान भी तलाशती रहीं।
हालांकि, अमांडा के लिए ये चमकदार धातु की प्लेटें एक नया और ट्रेंडिंग डेकोर आइडिया थीं, लेकिन भारतीय दर्शकों को इसमें कुछ भी नया नजर नहीं आया। वीडियो के कमेंट सेक्शन में कई भारतीय यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिस Chrome टेबलवेयर को अमेरिका में नया ट्रेंड बताया जा रहा है, वैसी स्टील की प्लेटें और कटोरियां भारत में लंबे समय से इस्तेमाल होती हैं।
वायरल वीडियो पर एक यूजर ने मजाक में कहा कि अमांडा को भारत आना चाहिए, जहां ऐसी ‘Chrome प्लेट्स’ आसानी से और कम कीमत में मिल जाएंगी। दूसरे यूजर ने कहा कि पश्चिमी दुनिया शायद अब स्टेनलेस स्टील की प्लेटों को खोज रही है, जबकि भारतीय घरों में प्लेट, कटोरी और चम्मच के रूप में इनका इस्तेमाल दशकों से होता आ रहा है।
कुछ लोगों ने कहा कि जिसे आज सोशल मीडिया पर नया डेकोर ट्रेंड बताया जा रहा है, वह भारत में रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। अमांडा का यह IKEA हॉल वीडियो इसी वजह से एक सामान्य शॉपिंग वीडियो से आगे बढ़कर मजेदार क्रॉस-कल्चरल चर्चा का विषय बन गया।