Worm In Food : गुरुग्राम के एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट में नाश्ता करने पहुंचे एक ग्राहक का अनुभव उस वक्त बेहद खराब हो गया, जब उसे अपने खाने में जिंदा कीड़ा दिखाई दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इंस्टाग्राम यूजर सुलभ माथुर ने वीडियो शेयर किया, जिसमें आधा खाए गए सैंडविच के अंदर मौजूद मीट पर एक जिंदा कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दे रहा है। माथुर के मुताबिक, यह घटना गुरुग्राम के हॉराइजन सेंटर स्थित Paul’s रेस्टोरेंट में हुई। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे अपने ग्रुप के साथ नाश्ता करने पहुंचे थे और उन्होंने छह से सात अलग-अलग डिश ऑर्डर की थीं।
माथुर ने बताया कि खाना खाते समय उनकी नजर सैंडविच में मौजूद कीड़े पर पड़ी। इसे देखकर पूरा ग्रुप हैरान रह गया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के कैप्शन में घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए रेस्टोरेंट की फूड हाइजीन पर सवाल उठाए। वीडियो में सैंडविच के अंदर मौजूद मीट के ऊपर कीड़ा चलता हुआ नजर आ रहा है।
पोस्ट के मुताबिक, ग्राहक ने इस घटना को बेहद परेशान करने वाला बताया और लोगों से बाहर खाना खाते समय सावधान रहने की अपील की। हालांकि, वीडियो में दिखाई गई घटना के संबंध में रेस्टोरेंट की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं दी गई है।
सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद वीडियो को करीब 13 लाख बार देखा जा चुका है। वीडियो देखने वाले कई यूजर्स ने रेस्टोरेंट की साफ-सफाई और किचन में अपनाए जाने वाले हाइजीन मानकों पर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने पूछा कि अगर खाने में जिंदा कीड़ा मौजूद था तो वह किचन से ग्राहक की टेबल तक आखिर कैसे पहुंच गया।
वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि ऐसी घटना सामने आने के बाद वे इस रेस्टोरेंट में खाने से पहले कई बार सोचेंगे। इस वीडियो ने एक बार फिर रेस्टोरेंट्स में खाना तैयार करने, स्टोर करने और ग्राहकों को परोसने के दौरान साफ-सफाई और फूड सेफ्टी के मानकों को लेकर बहस छेड़ दी है।