वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट (सोर्स - सोशल मीडिया)
वायरल

ग्रेटर नोएडा में साइबर कैफे पर दिनदहाड़े धावा, पिस्टल दिखाकर लूटे 80 हजार रुपये; CCTV में कैद वारदात

Cyber Cafe Robbery : ग्रेटर नोएडा के मल्कपुर गांव में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल के बल पर साइबर कैफे से 80 हजार रुपये लूट लिए। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई।

हितेश तिवारी

Cyber Cafe Loot Video : ग्रेटर नोएडा के मल्कपुर गांव में दो नकाबपोश बदमाशों ने एक साइबर कैफे में घुसकर कर्मचारी को पिस्टल दिखाकर 80 हजार रुपये लूट लिए। पूरी वारदात कैफे में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ निवासी मोहित साइबर कैफे चलाते हैं और पास में ही किराए के मकान में रहते हैं।

घटना के समय वह खाना खाने के लिए दुकान से बाहर गए थे और कैफे की जिम्मेदारी उस्मान नाम के युवक के पास थी। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश कैफे में पहुंचे। एक बदमाश ने उस्मान पर पिस्टल तान दी, जबकि दूसरा दुकान के अंदर रखे रैक की तरफ चला गया। CCTV फुटेज में बदमाशों की पूरी हरकत दिखाई दे रही है।

कर्मचारी को थप्पड़ मारा, रैक से निकाले 80 हजार

कैफे में घुसने के बाद बदमाशों ने कर्मचारी को डराना शुरू कर दिया। एक बदमाश ने उस्मान को पिस्टल दिखाई, जबकि दूसरे ने उसे थप्पड़ मारा और रैक खोलकर उसमें रखे 80 हजार रुपये निकाल लिए। बताया गया है कि मोहित ग्राहकों के बैंक खातों में पैसे जमा कराने का काम भी करते थे। घटना से कुछ समय पहले ही वह बैंक से 80 हजार रुपये लेकर कैफे पहुंचे थे।

लूट के बाद दोनों आरोपी बाइक से भागने लगे। उस्मान ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन एक बदमाश वापस आया और उसे धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया तो गोली मार देगा। बदमाशों के जाने के बाद कर्मचारी ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

बैंक से पीछा करने का शक, आरोपियों की तलाश में 4 टीमें

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कहीं बदमाशों ने मोहित का बैंक से पीछा तो नहीं किया था। पुलिस को शक है कि आरोपियों को इस बात की जानकारी हो सकती है कि मोहित बड़ी रकम लेकर साइबर कैफे पहुंचे हैं और इसी वजह से उन्होंने दुकान को निशाना बनाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।

पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य सबूतों की मदद से बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस उनके आने-जाने के रास्ते और बाइक से जुड़ी जानकारी भी खंगाल रही है।

नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने की साजिश... CJP प्रदर्शन पर बोलीं इन्फ्लुएंसर रिया खानोलकर

दिल्ली-NCR में फिर कांपी धरती! भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में मचा हड़कंप

INDIA Alliance Protest: राहुल-प्रियंका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, कांग्रेस बोली सब याद रखा जाएगा

दो घंटे की हिरासत के बाद छूटे राहुल और प्रियंका गांधी, आकाशवाणी परिसर से हुई थी गिरफ्तारी

पंजाब CM ऑफिस पर CBI की छापेमारी, भगवंत मान बोले- BJP ने शुरू कर दी चुनावी खेल