Traffic Policeman Video : बेंगलुरु की व्यस्त सड़कों पर इलेक्ट्रिक यूनिसाइकिल से सफर कर रहे एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में खास बात यह रही कि ट्रैफिक पुलिस ने युवक को रोका, लेकिन किसी नियम उल्लंघन या चालान के लिए नहीं।
पुलिसकर्मी उस अनोखे वाहन को देखकर इतने उत्सुक हो गए कि उन्होंने उसे रोककर पूछा कि यह कैसे चलता है। इसके बाद उन्होंने खुद इसे चलाने की इच्छा भी जताई।
यह युवक जेरोम आनंद हैं, जो अक्सर अपने इंस्टाग्राम पर सफर के वीडियो शेयर करते हैं। वह रोज करीब 25 किलोमीटर का सफर एक पहिए वाली बैटरी से चलने वाली इलेक्ट्रिक यूनिसाइकिल पर करते हैं। जेरोम ने बताया कि जब ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोका तो पहले उन्हें लगा कि शायद कागजात चेक होंगे।
लेकिन पुलिसकर्मी ने उनसे पूछा कि यह वाहन कैसे बैलेंस करता है, कितनी स्पीड देता है और क्या बेंगलुरु के ट्रैफिक में यह सच में उपयोगी है। जेरोम ने बताया कि इससे पेट्रोल खर्च बचता है, पार्किंग की परेशानी नहीं होती और ट्रैफिक जाम में भी आसानी रहती है।
वायरल वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी ने यूनिसाइकिल चलाने की कोशिश भी की। जेरोम उन्हें संतुलन बनाना सिखाते नजर आए, जबकि आसपास मौजूद लोग यह नजारा देखकर मुस्कुरा रहे थे।
सोशल मीडिया पर लोगों ने इस वीडियो को खूब पसंद किया। कई यूजर्स ने कहा कि यह बेंगलुरु की टेक्नोलॉजी और ट्रैफिक संस्कृति का मजेदार उदाहरण है। वहीं कुछ लोगों ने पुलिसकर्मी की जिज्ञासा और दोस्ताना व्यवहार की तारीफ की।