Pallavi Patel Arrested Varanasi: नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के खिलाफ वाराणसी की सड़कों पर बड़ा राजनीतिक बवाल देखने को मिला। अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में विभिन्न छात्र संगठनों ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के लंका गेट से विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और सरकार विरोधी तख्तियां लेकर प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तभी पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया और बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए पल्लवी पटेल समेत कई नेताओं और छात्रों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पल्लवी पटेल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर पुलिस परीक्षा लीक माफियाओं को पकड़ने में इतनी मुस्तैदी दिखाती, तो आज करोड़ों छात्रों का भविष्य अधर में नहीं लटकता।