UP Weather Rain Forecast: यूपी में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। शुक्रवार को कई जिलों में बारिश हुई, वहीं मौसम विभाग ने आज भी अलग-अलग हिस्सों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। हालांकि, किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।यूपी में शुक्रवार को कई स्थानों पर बारिश हुई, जबकि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य भर में अलग-अलग स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है।
आईएमडी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, लेकिन राज्य के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। वहीं लखनऊ में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था।
उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार, 12 और 13 सितंबर को दोनों हिस्सों में बारिश कुछ स्थानों तक सीमित रहेगी।14 और 15 सितंबर को भी कुछ जगह बारिश संभव है।16 और 17 सितंबर को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।हालांकि 12 से 17 सितंबर तक कोई मौसम चेतावनी नहीं है. विभाग ने बताया कि चेतावनी सुबह 8:30 बजे से अगले दिन सुबह 8:30 बजे तक मान्य रहेगी।लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वैसे तो शनिवार और रविवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश में कमी दर्ज की जाएगी लेकिन पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बौछारों के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं भी चेतावनी जैसी कोई बात नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि सोमवार और मंगलवार को लखनऊ समेत ज्यादातर जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है।न्यूनतम तापमान के मामले में शुक्रवार को हरदोई का तापमान सबसे कम 21.5 डिग्री दर्ज किया गया। बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा।
अयोध्या में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद मेरठ में 34 डिग्री रहा, जबकि मुजफ्फरनगर और आगरा में 33.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रयागराज, बस्ती और गोरखपुर में अधिकतम तापमान क्रमशः 33 डिग्री, 33 डिग्री और 32.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और बाढ़ से खराब हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन के योग्य बनाने और बरसात के बाद जरूरत के अनुसार उनका नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि बारिश अभी जारी है, इसलिए सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और बारिश से नए क्षतिग्रस्त मार्गों का भी सर्वे कराया जाए।