बुजुर्ग का आरोप- संपत्ति को लेकर परिवार में बढ़ा विवाद, जान का है खतरा
जमीन ही है उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी और बुढ़ापे का एकमात्र सहारा
एसएसपी से की पैतृक संपत्ति को बचाने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
Son Accused Plotting Father Murder: पैतृक संपत्ति का विवाद अब रिश्तों पर भारी पड़ने लगा है। अलीगढ़ के थाना गंगीरी क्षेत्र में एक बुजुर्ग पिता ने अपने ही बेटे और पत्नी पर संपत्ति के लालच में हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित हाकिम सिंह का कहना है कि उनका बेटा पवन और पत्नी ओमवती करोड़ों रुपये की पैतृक जमीन बेचना चाहते हैं, जबकि वह पूर्वजों की इस संपत्ति को बेचने के पक्ष में नहीं हैं। अपनी जान को खतरा बताते हुए बुजुर्ग गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन के पास पहुंचे और प्रार्थना पत्र देकर न्याय तथा सुरक्षा की गुहार लगाई।
एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में हाकिम सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उनका बेटा पवन उन्हें कथित तौर पर हत्या के इरादे से हरियाणा ले गया था। वहां उन्हें काली नदी में फेंक दिया गया। हाकिम सिंह के मुताबिक, नदी में होश आने पर उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी पुकार सुनकर मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर जान बचाई।
बुजुर्ग का कहना है कि इस घटना के बाद से वह अपने घर में रहने के बजाय बड़े भाई के यहां रह रहे हैं। उन्हें आशंका है कि परिवार के लोग उनकी पैतृक संपत्ति को बेचकर उसकी रकम हड़पना चाहते हैं। हाकिम सिंह ने बताया कि यह जमीन उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी और बुढ़ापे का एकमात्र सहारा है। यदि जमीन बिक गई तो उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो जाएगा।
हाकिम सिंह ने पुलिस अधिकारियों से अपनी पैतृक संपत्ति को जबरन बेचे जाने से बचाने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका आरोप है कि संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद इस कदर बढ़ गया है कि उन्हें अपनी ही जान का खतरा सताने लगा है।
एसएसपी से मुलाकात के बाद बुजुर्ग ने बताया कि उन्हें मामले की उचित जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिला है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बुजुर्ग की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल, एक पिता की ओर से अपने ही बेटे पर लगाए गए इन गंभीर आरोपों ने पारिवारिक विवाद को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।