

Kanpur Cantt Woman Murder: कैंट में रविवार रात को महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। पारिवारिक विवाद के चलते देवर अपनी भाभी की हत्या करने आया था, लेकिन धोखे में उनकी बड़ी बहन को गोली मार दी।गोली की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने देवर समेत पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। महिला के ससुराल पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कैंट के सत्तीचौरा घाट निवासी ओमप्रकाश मजदूर है। परिवार में पत्नी सुशीला, चार बेटियां रोशनी, चांदनी, सरोजिनी, अंजलि और बेटा युवराज है। सरोजिनी ने बताया कि वर्ष 2020 में उसकी शादी उन्नाव में रहने वाले संतोष से हुई थी। दो साल पहले उसके एक साल के बेटे की मौत हो गई थी। इसके बाद उसने पति समेत ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। मामला उन्नाव न्यायालय में चल रहा है। मुकदमा दर्ज कराने के बाद से वह मायके में रह रही है। रविवार शाम करीब चार बजे पति संतोष घर पहुंचकर झगड़ा करने लगा। उसने मां और बड़ी बहन 40 वर्षीय चांदनी से मारपीट की। इस पर उसने पति को घर से भगा दिया।
रात आठ बजे के बाद देवर विनोद, अजय, अंशू समेत दो अन्य लोगों के साथ घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विनोद ने धमकाते हुए बोला मेरे भाई को थप्पड़ किसने मारा इस दौरान सरोजिनी की बड़ी बहन चांदनी निषाद मीत बचाब करने आ गई इसी दौरान विनोद ने चांदनी के पेट में गोली मार दी।
गोली मारते ही आरोपी भाग निकले। महिला को गोली मारने की सूचना मिलती इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना देने के साथ ही परिजन घायल चांदनी को लेकर केपीएम अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने चांदनी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर वारदात की जानकारी जुटाई है।पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद के बाद बदले की बात सामने आई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि छोटी बहन का ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। उसी विवाद में देवर ने साथियों के साथ आकर बड़ी बहन को गोली मार दी। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल ससुराल पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।