इलाहाबाद हाईकोर्ट (सोर्स- सोशल मीडिया)
प्रयागराज

UPPSC PCS-2025 के अंतिम परिणाम पर हाईकोर्ट की रोक, मांगा अंक और कटऑफ का रिकॉर्ड, याचिकाओं पर होगी सुनवाई

UPPSC PCS 2025 Result: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने PCS-2025 का अंतिम परिणाम और APO-2025 मुख्य परीक्षा का परिणाम याचिकाओं के निस्तारण तक जारी नहीं करने का आदेश दिया है। PCS-2025 के साक्षात्कार जारी रहेंगे।

ओमप्रकाश सिंह परिहार, स्निग्धा श्रीवास्तव

Allahabad High Court PCS Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की PCS और सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती-2025 के परिणामों को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम अंतरिम आदेश दिया है। न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकलपीठ ने तीन याचिकाओं पर सुनवाई के बाद PCS-2025 का अंतिम परिणाम और APO-2025 मुख्य परीक्षा का परिणाम याचिकाओं के निस्तारण तक घोषित नहीं करने का आदेश दिया है। हालांकि PCS-2025 का साक्षात्कार जारी रहेगा।

एमआरसी अभ्यर्थियों के समायोजन पर विवाद

मामला मेधावी आरक्षित वर्ग (एमआरसी) के अभ्यर्थियों को अनारक्षित वर्ग में समायोजित किए जाने से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में ऐसे आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य वर्ग की मेरिट में शामिल नहीं किया गया, जिन्होंने सामान्य वर्ग के कटऑफ से अधिक अंक हासिल किए थे। याचिकाकर्ताओं ने आयोग के नौ जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन और विज्ञापन संख्या-19 की उस व्यवस्था को चुनौती दी है, जिसके तहत ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के एमआरसी अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी में नहीं गिना गया।

आयोग से अंक और कटऑफ का रिकॉर्ड मांगा

याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि बिना किसी छूट के सामान्य कटऑफ से अधिक अंक हासिल करने वाले आरक्षित अभ्यर्थियों को खुली मेरिट में शामिल नहीं करना आरक्षण अधिनियम-1994 की धारा 3(6) और समानता के अधिकार का उल्लंघन है। अदालत ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से उन आरक्षित अभ्यर्थियों के अंक और सभी श्रेणियों की कटऑफ का रिकॉर्ड तलब किया है, जिन्होंने सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों से अधिक अंक हासिल किए हैं। संबंधित पक्षों को एक सप्ताह में लिखित बहस दाखिल करने का निर्देश दिया गया है।

PCS-2024 की याचिका भी सुनवाई में शामिल

PCS-2025 से संबंधित याचिका संजय कुमार और तीन अन्य ने दाखिल की है, जबकि APO-2025 से जुड़ी याचिका पंकज वर्मा और दो अन्य ने दाखिल की है। APO की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 30 अप्रैल को घोषित किया गया था, जिसे याचिका में चुनौती दी गई है। PCS-2024 को लेकर आशीष कुमार मौर्य और चार अन्य की याचिका भी सुनवाई में शामिल रही। चयनित अभ्यर्थियों को मामले में पक्षकार बनाया गया है।

सुनवाई के दौरान PCS-2024 मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक खरे और सिद्धार्थ खरे, PCS-2025 में अधिवक्ता दुर्गा शंकर शुक्ला व अभिषेक शुक्ला और APO मामले में अधिवक्ता अनुराग त्रिपाठी ने पक्ष रखा। सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल और गौरव सिंह तथा चयनित अभ्यर्थियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अमित सक्सेना ने पैरवी की।

साक्षात्कार जारी, अंतिम परिणाम पर रोक

हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार PCS-2025 का साक्षात्कार चलता रहेगा, लेकिन अंतिम परिणाम फिलहाल घोषित नहीं किया जाएगा। वहीं APO-2025 मुख्य परीक्षा का परिणाम भी याचिकाओं के निस्तारण तक जारी नहीं होगा।

हवा में चाकूबाजी, तेजी से नीचे आया विमान…कौन हैं भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार? जान पर खेलकर बचाई 180 की जान

यूपी पुलिस को ही भंग कर सभी केस CBI को देने पड़ेंगे क्या? सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी

कांग्रेस की एकला चलो नीति पर भड़के उद्धव ठाकरे! INDIA गठबंधन की बैठक में सुनाई खरी-खोटी, दी ये सलाह

CSR घाेटाला: महाराष्ट्र समेत 4 राज्यों के 8 ठिकानों पर ED की छापेमारी, फर्जी नेटवर्क का खुलासा

किसानों को मोदी कैबिनेट का बड़ा तोहफा, MSP में बढ़ोतरी की मंजूरी; ₹2.79 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान