

BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेशी सेना शेख हसीना को वापस ले जाने की जिम्मेदारी संभाले।
भारत ने कथित तौर पर हसीना को मौत की सजा के खिलाफ अपील और नए सिरे से निष्पक्ष सुनवाई का मौका देने की शर्त रखी है।
भारत सरकार ने इन शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
India Two Conditions for Sheikh Hasina: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण और उनकी देश वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव बना हुआ है। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने हसीना की वापसी को लेकर दो शर्तें रखी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत उन्हें बांग्लादेश भेजने के लिए तैयार है, लेकिन चाहता है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें निष्पक्ष सुनवाई का पूरा मौका मिले।
BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश शेख हसीना को वापस ले जाने के लिए अपना सैन्य विमान भेजे। इसके साथ ही भारत ने यह गारंटी भी मांगी है कि हसीना को 2024 की हिंसा से जुड़े मामलों में सुनाई गई मौत की सजा के खिलाफ अपील करने और नए सिरे से मुकदमे का सामना करने का अवसर दिया जाए। हालांकि, भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर इन कथित शर्तों की पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत पिछले कुछ महीनों से शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश के साथ बातचीत कर रहा है। भारत का मानना है कि इन शर्तों से हसीना की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें निष्पक्ष न्याय मिलने की संभावना भी बनी रहेगी।
रिपोर्ट में भारतीय विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि भारत चाहता है कि हसीना के मामले की सुनवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और मीडिया की नजर रहे। गौरतलब है कि हिंसा से जुड़े मामले में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने हसीना को मौत की सजा सुनाई है।
BBC बांग्ला की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत शेख हसीना समेत उन विदेशी मेहमानों के साथ नियमित रूप से जानकारी साझा करता है, जिन्होंने भारत में शरण ली है। इन मुलाकातों के दौरान उन्हें उनकी वापसी को लेकर भारत के रुख की जानकारी भी दी जाती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच कुछ हद तक सहमति बनने के बाद ही हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कही थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि शेख हसीना की वापसी हवाई या जमीनी रास्ते से हो सकती है। बांग्लादेश उन्हें लेने के लिए सैन्य विमान भेज सकता है। दूसरा विकल्प यह है कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर किसी तय स्थान पर उन्हें बांग्लादेशी सेना को सौंप दिया जाए।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत इस प्रक्रिया के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने को तैयार है। इस मामले में दोनों देशों के सैन्य और राजनयिक अधिकारियों के बीच संपर्क को भी अहम माना जा रहा है।
शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के बाद देश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी।
इसके बाद बांग्लादेश ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग की। इस बीच हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की घोषणा की है। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए भी आवेदन किया है।