UPPSC Assistant Professor Exam Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राजकीय महाविद्यालयों में सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा-2025 के सात विषयों का परिणाम जारी कर दिया है।
आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया है। कुल 202 पदों के सापेक्ष 2786 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए हैं।
राजकीय महाविद्यालयों में सहायक आचार्य परीक्षा-2025 के तहत सात विषयों की परीक्षा 31 मई को आयोजित की गई थी। आयोग ने शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी, गृह विज्ञान, भौतिक विज्ञान, संगीत वादन-सितार, उर्दू और फारसी (पर्शियन) विषयों में प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम जारी किए हैं।
सबसे अधिक 92 पद अंग्रेजी विषय में हैं। इनके सापेक्ष 1173 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। अंग्रेजी में कुल 4866 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 2490 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
शिक्षाशास्त्र में 14 पदों के लिए 323 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए हैं। इस विषय में 6616 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और 2930 परीक्षा में शामिल हुए थे। वहीं गृह विज्ञान में 28 पदों के लिए 640 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस विषय में 2991 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और 1699 ने परीक्षा दी थी।
भौतिक विज्ञान में 60 पदों के सापेक्ष 580 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। यहां 3852 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 1563 परीक्षा में उपस्थित हुए।
इसी तरह संगीत वादन-सितार में चार पदों के लिए 23 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इस विषय में 71 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 44 परीक्षा में शामिल हुए थे। उर्दू में तीन पदों के लिए 32 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। यहां 787 अभ्यर्थी पंजीकृत और 438 परीक्षा में उपस्थित हुए थे।
फारसी (पर्शियन) में एक पद के सापेक्ष 15 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। इस विषय में 82 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और 55 परीक्षा में शामिल हुए थे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सफल अभ्यर्थियों की मुख्य परीक्षा से संबंधित कार्यक्रम और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। अब चयन प्रक्रिया का अगला चरण मुख्य परीक्षा होगा।