बेती महल में प्रस्तावित रामकथा अब तीन के बजाय चार दिन तक चलेगी
राजा भैया ने धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया
अखिलेश यादव के विरोध के बीच सियासत में भी चर्चा का विषय
Raja Bhaiya kunda Ram katha: कुंडा के बेती महल में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित रामकथा अब तीन के बजाय चार दिन तक चलेगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से कथा और धीरेन्द्र शास्त्री को लेकर की गई बयानबाजी के बीच कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने उनसे मुलाकात कर कथा की अवधि एक दिन बढ़ाने का अनुरोध किया, जो 17 से 21 नवंबर तक होगी।
राजा भैया के इस आग्रह को धीरेन्द्र शास्त्री ने स्वीकार कर लिया है। इस घटनाक्रम ने धार्मिक आयोजन को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब कथा की अवधि बढ़ाने के फैसले को अखिलेश यादव के विरोध का जवाब देने की राजनीतिक पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।
दरअसल, कुंडा में होने वाली रामकथा को लेकर सियासी बयानबाजी उस समय तेज हुई, जब अखिलेश यादव ने धीरेन्द्र शास्त्री को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उनके बयानों के बाद यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके राजनीतिक निहितार्थ भी तलाशे जाने लगे। राजा भैया और अखिलेश यादव के बीच राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए इस पूरे घटनाक्रम को कहीं पे निगाहें, कहीं पे निशाना की सियासी शैली से जोड़कर देखा जा रहा है।
राजा भैया की ओर से कथा की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करना और धीरेन्द्र शास्त्री का इसे स्वीकार करना अपने आप में चर्चा का विषय बन गया है। समर्थक इसे धार्मिक आयोजन के प्रति राजा भैया की प्रतिबद्धता और विरोधी बयानों के बीच पीछे नहीं हटने के संदेश के तौर पर देख रहे हैं।
इस पूरे प्रकरण में एक तरफ अखिलेश यादव के बयान हैं तो दूसरी तरफ राजा भैया की सक्रियता। ऐसे में रामकथा के मंच से निकलने वाले संदेश और उसमें जुटने वाली भीड़ पर भी राजनीतिक निगाहें रहेंगी। जनसत्ता दल के कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, बयानबाजी के बाद किसी तरह की अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।
कुंडा की इस रामकथा में आस्था, राजनीतिक प्रतिष्ठा और सार्वजनिक संदेश तीनों पहलू एक साथ दिखाई दे रहे हैं। राजा भैया के प्रभाव क्षेत्र में होने वाला यह आयोजन उनके समर्थकों के लिए प्रतिष्ठा का विषय है, वहीं अखिलेश यादव की टिप्पणी ने इसे प्रदेश की सियासत से जोड़ दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि चार दिवसीय रामकथा का मंच धार्मिक प्रवचनों और भक्ति तक सीमित रहता है या इसके राजनीतिक संदेश भी चर्चा के केंद्र में आते हैं।