राजा भैया को जान से मारने की धमकी मिली, इंस्टाग्राम-फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट की; पुलिस में हड़कंप

Pratapgarh Raja Bhaiya News: रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले में गोपीगंज थाना पुलिस ने 29 अक्टूबर को केस दर्ज कर लिया है।
Raghuraj Pratap Singh alias Raja Bhaiya
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की जारी थी

  • गोपीगंज थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज

  • मामले की जांच में जुटी पुलिस

Raja Bhaiya Death Threat: प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अलग-अलग अकाउंट से कथित तौर पर धमकी भरे मैसेज और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट की गईं। मामले में गोपीगंज थाना पुलिस ने 29 अक्टूबर को केस दर्ज कर लिया है।

गोपीगंज थाना प्रभारी सच्चिदानंद पांडे के मुताबिक, 23 अक्टूबर से सोशल मीडिया पर राजा भैया को निशाना बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट किए जा रहे थे। इन पोस्ट के जरिए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। इस संबंध में जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के भदोही जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने 28 अक्टूबर को गोपीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

3 सोशल मीडिया अकाउंट से धमकी भरे मैसेज

चंद्रशेखर सिंह की शिकायत के मुताबकि, सोशल मीडिया पर सक्रिय तीन अलग-अलग अकाउंट से राजा भैया के खिलाफ धमकी भरे मैसेज और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट की गई थीं। ये अकाउंट इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सक्रिय बताए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि 23 अक्टूबर से राजा भैया को निशाना बनाते हुए इस तरह के मैसेज लगातार पोस्ट किए गए हैं।

शिकायतकर्ता चंद्रशेखर सिंह ने पुलिस को कथित धमकी भरे मैसेज की प्रतियां भी सौंपी हैं। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान करने और उनके संचालकों का पता लगाने में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के संबंधित प्रावधानों के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Raghuraj Pratap Singh alias Raja Bhaiya
राजा भैया के पिता समेत 13 लोग हाउस अरेस्ट, भदरी किले के बाहर भारी पुलिस बल तैनात; जानें क्या है मामला

राजा भैया के बारे में जानिए

रघुराज प्रताप सिंह प्रतापगढ़ की ऐतिहासिक भद्री रियासत के वंशज हैं। उनके दादा राजा बजरंग बहादुर सिंह एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे। राजा भैया का जन्म 31 अक्टूबर 1967 को हुआ था।

राजा भैया ने साल 1993 में महज 25 साल की उम्र में कुंडा सीट से निर्दलीय विधायक के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी और तब से लेकर अब तक वे लगातार सात बार (बिना चुनाव हारे) इस सीट से विधायक चुने गए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में अलग-अलग सरकारों (भाजपा और समाजवादी पार्टी) के दौरान कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य किया है।

साल 2018 में उन्होंने अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी 'जनसत्ता दल लोकतांत्रिक' का गठन किया और वे वर्तमान में इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वे अपनी बाहुबली छवि, इलाके में भारी दबदबे और विभिन्न कानूनी मामलों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं।

Raghuraj Pratap Singh alias Raja Bhaiya
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को झटका, पत्नी भानवी सिंह को हर महीने देंगे ₹30 हजार गुजारा भत्ता