अरविंद भारतीय हत्याकांड में बच्चा पासी समेत आठ पर FIR
साजन मेहतर हत्याकांड की गवाही से मुकरने का बनाया जा रहा था दबाव
परिजनों ने पहले ही पुलिस से की थी जान से मारने की धमकी की शिकायत
Murder of Arvind Eyewitness Sajan Mehtar Case : प्रयागराज के अल्लापुर में सैलून के भीतर अरविंद भारतीय की गोली मारकर हत्या के मामले ने शहर के पुराने आपराधिक नेटवर्क और गैंगवार की आशंकाओं को फिर चर्चा में ला दिया है।
साजन मेहतर हत्याकांड के मुख्य चश्मदीद गवाह अरविंद की हत्या में परिजनों की तहरीर पर पूर्व पार्षद और कुख्यात गैंगस्टर निहाल उर्फ बच्चा पासी समेत आठ लोगों के खिलाफ जार्जटाउन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
नामजद आरोपियों में बच्चा पासी के अलावा गुड्डू पासी, प्रिंस पासी, मनीष पासी, गोलू पासी, ईशू भारतीय, सरिता और कोमल के नाम शामिल हैं।
परिजनों का आरोप है कि सितंबर 2025 में हुए साजन मेहतर हत्याकांड में अरविंद मुख्य चश्मदीद गवाह था। मुकदमे की पैरवी और गवाही से पीछे हटने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उसे समझौता करने की धमकियां भी मिल रही थीं।
परिवार का दावा है कि इन धमकियों की शिकायत पहले भी पुलिस अधिकारियों से की गई थी। इसके बावजूद 26 नवंबर की शाम यूको बैंक तिराहे के पास स्थित सैलून में अरविंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस अब हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, गवाही से जुड़ा विवाद और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
निहाल उर्फ बच्चा पासी का नाम प्रयागराज के चर्चित आपराधिक चेहरों में शामिल रहा है। उसका नाम अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन के गिरोह से भी जुड़ चुका है।
वर्ष 2006 के मुंबई के काला घोड़ा शूटआउट मामले में भी बच्चा पासी का नाम छोटा राजन गिरोह से जुड़े व्यक्ति के रूप में सामने आया था।
बच्चा पासी को प्रयागराज के डी-46 गैंग का सरगना बताया जाता रहा है। धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर रहे बच्चा पासी के खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है। वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से चिह्नित माफिया की सूची में भी उसका नाम शामिल रहा।
वर्ष 2020 में प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने धूमनगंज स्थित उसके मकान पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की थी इन घटनाओं के चलते बच्चा पासी का नाम लंबे समय से पुलिस और प्रशासन के रिकॉर्ड में चर्चा का विषय रहा है।
अरविंद की हत्या के बाद अब पुलिस के सामने केवल शूटरों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि वारदात के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करना भी चुनौती है। सैलून और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस की टीमें आरोपितों की तलाश में जुटी हैं। यह भी जांच का विषय है कि अरविंद को पहले मिली धमकियों के संबंध में की गई शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई थी और क्या उसकी सुरक्षा को लेकर कोई कदम उठाया गया था।