

डीएम और पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में गठित हुई टीमें
शाइस्ता और गुड्डू मुस्लिम अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
जीशान उर्फ जानू इमरान और इश्तियाक समेत कई नाम चर्चा में
The Police Keeping Eye Activities family Associates Atiq : प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के बाद माफिया अतीक अहमद के गैंग पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अतीक की मौत के बाद उसके परिवार और करीबियों की गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अतीक के करीबियों की सक्रियता और उसके बेटों के राजनीतिक भविष्य को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसी बीच पुलिस ने अतीक गैंग से जुड़े लोगों की तलाश तेज कर दी है।
अतीक के दो बेटे अली और उमर उमेश पाल हत्याकांड से पहले से ही अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं। अली झांसी और उमर लखनऊ जेल में निरुद्ध है। परिवार में एक बेटे अजहन की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद सुपुर्द-ए-खाक के दौरान दोनों भाइयों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
इसके बाद ठेकेदार से वसूली के आरोप में दर्ज मामले में अली की प्रयागराज जिला न्यायालय में पेशी के दौरान भी उसके समर्थन में कई लोगों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी।
पेशी के दौरान अली के मददगारों के रूप में अतीक के साढ़ू जीशान उर्फ जानू इमरान, इश्तियाक और अन्य लोगों के नाम सामने आने की चर्चा है।
छोटू यादव समेत अतीक के अन्य करीबियों की गतिविधियों को लेकर भी पुलिस सतर्क है। बताया जा रहा है कि इनमें से कई लोग फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
अतीक के बेटे अली की पेशी के दौरान समर्थकों और मददगारों की मौजूदगी के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी शुरू हुई कि अतीक के बेटे 2027 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक मैदान में उतर सकते हैं।
हालांकि, चुनाव लड़ने को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में फिलहाल इसे राजनीतिक चर्चा के रूप में ही देखा जा रहा है।
अतीक से जुड़े करीबियों पर कार्रवाई का सिलसिला तेज
पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया के प्रयागराज में कार्यभार संभालने के बाद अतीक और उसके करीबियों से जुड़े मामलों में कार्रवाई का सिलसिला तेज हुआ है। जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में करीबियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर तलाश कराई जा रही है।
दूसरी ओर अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और उमेश पाल हत्याकांड में वांछित गुड्डू मुस्लिम का अब तक पता नहीं चल सका है। दोनों पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। ऐसे में अतीक नेटवर्क से जुड़े लोगों पर कार्रवाई पुलिस के लिए अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।