Prateek Yadav Last Social Media Post: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि वे देश के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन उन्होंने हमेशा सक्रिय राजनीति से खुद को दूर रखा। प्रतीक लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से एक मशहूर जिम चलाते थे और रियल एस्टेट के कारोबार से भी जुड़े हुए थे। मौत से कुछ दिन पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था।
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले प्रतीक यादव का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट अब उनकी याद के तौर पर वायरल हो रहा है। करीब पांच हफ्ते पहले, 3 अप्रैल को उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वे EA 300 विमान उड़ाते नजर आ रहे थे। उन्होंने अपनी इस रोमांचक उड़ान की तुलना 'टॉप गन' फिल्म से करते हुए लिखा था, “The engine roared, the sky opened up, and I took control”। यह पोस्ट अब उनके प्रशंसकों और करीबियों के बीच उनकी आखिरी याद बन गई है।
प्रतीक और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही थी। दोनों की पहली मुलाकात 2001 में एक जन्मदिन की पार्टी में हुई थी और 2011 में उन्होंने इटावा के सैफई में धूमधाम से लव मैरिज की थी। इस विवाह समारोह में अमिताभ बच्चन जैसी दिग्गज हस्तियां शामिल हुई थीं। प्रतीक और अपर्णा की दो बेटियां हैं। पिछले कुछ समय से उनके रिश्तों में अनबन की खबरें भी उड़ी थीं, लेकिन मार्च में परिवार के साथ उनकी आइसलैंड यात्रा की तस्वीरों ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया था।
यह भी पढ़ें:
अस्पताल लाए जाने के समय उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर थी और डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिवार की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन उनके आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों का जुटान शुरू हो गया है। प्रतीक का इस तरह अचानक चले जाना यादव परिवार और उनके चाहने वालों के लिए अपूरणीय क्षति है।