Highlights:
मेरठ पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्ध उज्जैद को गिरफ्तार किया।
पुलिस का आरोप है कि उज्जैद मानव बम बनकर फिदायीन हमला करने की तैयारी में था।
जांच एजेंसियां उसके कथित पाकिस्तानी संपर्कों और शहजाद भट्ठी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
Meerut Shahzad Bhatti Network Terrorist Ujjaid Arrest: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उज्जैद कथित तौर पर मानव बम बनकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। बता दें कि जांच में उसका संपर्क पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर शहजाद भट्ठी के नेटवर्क से होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने उसे जम्मू-कश्मीर से मिले इनपुट के आधार पर सोमवार देर रात पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद यूपी पुलिस के साथ एटीएस, आईबी और अन्य खुफिया एजेंसियां भी उससे पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी की योजना क्या थी और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उज्जैद फिदायीन हमले की तैयारी में जुटा था। आरोप है कि वह खुद को मानव बम बनाकर किसी बड़े हमले को अंजाम देना चाहता था। इस सिलसिले में उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ संदिग्ध पोस्ट भी सामने आई हैं।
जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली जानकारी के बाद मेरठ पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस, आईबी और दूसरी खुफिया एजेंसियां भी जांच में मामले में शामिल हो गई हैं।
बता दें कि जांच एजेंसियों को आतंकी उज्जैद के बारे में जानकारी कश्मीर में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद से पूछताछ के दौरान मिली। पुलिस के मुताबिक, साजिद से पूछताछ में पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर शहजाद भट्ठी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी सामने आई थी।
इसी नेटवर्क की जांच के दौरान मेरठ के उज्जैद का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जिसके बाद पुलिस को पुख्ता इनपुट मिलते ही सोमवार की देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद साजिद जम्मू के बठिंडी इलाके में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था। पिछले साल उसे एक अन्य संदिग्ध के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में कथित तौर पर पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर शहजाद भट्ठी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले थे।
जांच में यह भी सामने आया कि साजिद सेना पर फिदायीन हमला करने की योजना बना रहा था। पुलिस सूत्रों का दावा है कि इस योजना में उज्जैद भी शामिल था और उसने हमले के लिए अपनी सहमति दी थी। हालांकि, इस साजिश में दोनों की भूमिका और अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उज्जैद के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान के कई नंबरों से संपर्क होने की जानकारी मिली है। एजेंसियां इन नंबरों और बातचीत के रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और उसे किस तरह के निर्देश मिल रहे थे।
फिलहाल उज्जैद से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उसके सोशल मीडिया पोस्ट, मोबाइल डेटा और कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। जिससे जांच ऐजेंसियों को अधिक से अधिक जानकारी मिल सके।