

पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल को तीन साल की सजा
एमपी एमएलए कोर्ट ने 28 साल पुराने केस में सुनाया फैसला
जमानत निरस्त करते हुए न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया
Lucknow Banwari Lal Kanchhal Case: लखनऊ में एमपी एमएलए कोर्ट ने 28 साल पुराने केस में पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल समेत तीन को तीन साल की सजा सुनाई है। प्रत्येक दोषी को 36-36 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
इससे पहले विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी करार दिया था। अदालत ने तीनों की जमानतें निरस्त करते हुए न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
पुलिस ने इस मामले में बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल एवं राजेंद्र कुमार अग्रवाल के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया था। जिसमें विचारण के दौरान मोती चंद्र अग्रवाल एवं श्रीनिवास अग्रवाल की मृत्यु हो गई। वहीं, अदालत ने राजेंद्र अग्रवाल को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 1998 को हजरतगंज थाने में व्यापार कर विभाग के तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रशासन) एमएम कटियार ने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि दोपहर करीब सवा 1 बजे बनवारी लाल कंछल अपने साथियों मोतीलाल अग्रवाल, अशोक कुमार गुप्ता, श्रीनिवास अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल व देशराज करीब 250 लोगों के साथ ऑफिस में घुस आया।
शिकायत के अनुसार, सभी आरोपियों के पास लाठी-डंडें, असलह थे। ऑफिस में घुसते ही गाली गलौज, धमकी देते हुए सरकारी काम में बाधा डाली। रोकने पर अधिकारियों को जान से मारने की नीयत से मारपीट की। इसके अलावा सरकारी वाहनों व भवन में तोड़फोड़ की
FIR के बाद ये मामला कोर्ट में चला गया। इसके बाद कोर्ट में कई बार पेशी हुई। अभियोजन की ओर से 9 गवाह और 5 अभिलेखीय साक्ष्य कोर्ट में पेश किए गए।
इसके बाद लखनऊ पुलिस ने मामले की जांच के बाद बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। 17 नवंबर 2006 को कोर्ट ने इस पर संज्ञान लेते हुए आरोपियों को तलब किया और मई 2019 को आरोप तय किए थे।
बनवारी लाल कंछल का सबसे सबसे चर्चित मामला लखनऊ कोर्ट से जुड़ा है। 6 दिसंबर 2014 को कोर्ट परिसर में वकीलों के एक समूह ने बनवारी लाल कंछल को खींचकर बाहर निकाला था, उनकी जमकर पिटाई की और फिर बीच सड़क पर मुर्गा बनाया था। इस दौरान उसके कपड़े भी फड़ दिए गए थे।
इसके अलावा फरवरी 2023 में लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने सरकारी कामकाज में बाधा डालने, बिक्री कर अधिकारी से मारपीट करने और जानमाल की धमकी देने के मामले में बनवारी लाल कंछल को 2 साल की सजा और जुर्माना भी लगाया था।
वहीं बनवारी लाल कंछल को बेटा भी विवादों से जुड़ा रहा है। जुलाई 2024 में बाराबंकी पुलिस ने बनवारी लाल कंछल के बेटे अमित कंछल को प्रॉपर्टी डीलर से 2.20 करोड़ रुपये की ठगी करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
इसके साथ ही अक्टूबर 2024 में लखनऊ की कोर्ट ने चेक बाउंस के एक मामले में बनवारी लाल कंछल के बेटे अमित कंछल और उनकी पत्नी अर्पणा अग्रवाल को 2-2 साल की कैद और 24 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी।