Fire In Meerut Avika Hotel: जनपद मेरठ के दिल्ली रोड पर शनिवार सुबह उस समय अचानक हड़कंप मच गया जब परतापुर क्षेत्र स्थित अविका होटल अचानक आग की लपटों से घिर गया। कुछ ही देर में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि होटल से उठता काला धुआं और ऊंची लपटें काफी दूर से दिखाई देने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग होटल के अंदर से शुरू हुई और तेजी से अलग-अलग हिस्सों में फैलती चली गई। कुछ ही समय में होटल परिसर में रखा सामान आग की चपेट में आ गया। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि परिसर के बाहर खड़े वाहनों तक भी लपटें पहुंच गईं। ब्रेजा और सेंट्रो समेत कई वाहन बुरी तरह जल गए।
आग बुझने के बाद वाहनों की स्थिति देखकर नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है। होटल के ठीक बगल में इंडियन बैंक की शाखा होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। आग की लपटें बैंक की ओर भी पहुंचने लगीं।
इससे मौके पर मौजूद लोगों में बेचैनी बढ़ गई। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैंक के अंदर किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। दमकल कर्मियों ने आग को बैंक की इमारत तक फैलने से रोकने के लिए भी लगातार पानी की बौछार की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
पुलिस टीम ने भी घटनास्थल को घेरकर लोगों को दूर किया। सीओ ब्रह्मपुरी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। आग के कारण दिल्ली रोड पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के साथ मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।
फिलहाल आग लगने के सही कारण की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद होटल और वाहनों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा। राहत की बात है कि फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।